नाहन (सिरमौर)। गर्मियों के मौसम में पानी के कनेक्शन से टुल्लू पंप लगाना उपभोक्ताओं को भारी पड़ सकता है। आईपीएच विभाग ने ऐसा करने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने की चेतावनी जारी की है।
विभाग का कहना है कि ऐसे उपभोक्ताओं के पानी के कनेक्शन बिना किसी पूर्व सूचना के काट दिए जाएंगे। साथ ही उनके टुल्लू पंप भी जब्त कर लिए जाएंगे। विभाग ने गर्मियों के मौसम में होने वाली पानी की किल्लत से निपटने के लिए कमर कस ली है। एक ओर विभाग ने जहां सभी विभागीय कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। वहीं, उपभोक्ताओं से भी पानी का उपयोग सोच समझकर करने की अपील की है।
आईपीएच विभाग सिरमौर के अधिशासी अभियंता डॉ. मनदीप गुप्ता ने बताया कि विभाग सभी उपभोक्ताओं को बराबर पानी मुहैया करवाने को प्रयासरत है। यदि कोई भी उपभोक्ता पानी के कनेक्शन में टुल्लू पंप लगाता हुआ पाया जाएगा, उसका कनेक्शन बिना किसी पूर्व सूचना के अविलंब काट दिया जाएगा। साथ ही उसका टुल्लू पंप भी विभाग जब्त कर लेगा। उन्होंने कहा कि घरों की टंकियों से व्यर्थ पानी बहाने वालों के खिलाफ आईपीएच कार्रवाई करेगा। अगर कहीं पानी व्यर्थ बहता पाया गया तो विभाग बिना नोटिस पानी का कनेक्शन काट देगा। घर के कनेक्शन से गाड़ियां धोने वालों को भी बख्शा नहीं जाएगा। लोगों को चाहिए कि वे गर्मियों के दिनों में गाड़ी धोने में पानी व्यर्थ न गवाएं। पानी का उपयोग आवश्यकता अनुसार ही करें। यदि कहीं भी पानी की पाइप में रिसाव हो रहा हो या पाइप टूटी हो तो इसकी सूचना विभाग को दें।