मिश्रवाला-पलहोड़ी में बनेंगे 520 मकान : डॉ. बिंदल
स्तरोन्नत वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला का किया शुभारंभ
मेलियों और जगतपुर उठाऊ पेयजल योजनाओं का शिलान्यास किया
अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)। मुस्लिम बाहुल्य वाली मिश्रवाला और पलहोड़ी पंचायतों में निर्धन परिवारों के लिए 520 मकान बनाए जाएंगे। विकास खंड पांवटा में आने वाले नाहन विस क्षेत्र की नौ पंचायतों में 1300 मकान बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
मिश्रवाला में स्तरोन्नत वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला का विधिवत शुभारंभ करने के बाद विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने यह बात कही। जनसभा को संबोधित करते हुए डॉ. बिंदल ने कहा कि स्कूल में शीघ्र की आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध करने के साथ-साथ कर्मचारियों के पदों को भी भरा जाएगा। मिश्रवाला पंचायत में केंद्र सरकार की ओर से 86 लाख की राशि विभिन्न विकास कार्यों के उपलब्ध करवाई गई है। इस क्षेत्र की क्यारदा-लोहार बस्ती और माजरा-मिश्रवाला राउंड सड़क के लिए भारत सरकार ने आठ करोड़ की राशि स्वीकृत की है। मिश्रवाला पंचायत में सिंचाई सुविधा के लिए दो नलकूप स्थापित किए गए हैं। लोगों की मांग पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए बिंदल ने कहा कि इस क्षेत्र में कम वोल्टेज की समस्या के समाधान के लिए शीघ्र ही उच्च शक्ति का ट्रांसफार्मर स्थापित किया जाएगा। इसके बाद डॉ. बिंदल ने माजरा में 40 लाख की लागत से निर्मित होने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के अतिरिक्त भवन की आधारशिला रखी। उन्होंने 40 लाख की लागत से निर्मित होने वाली उठाऊ पेयजल योजना मेलियों और 60 लाख से बनने वाली उठाऊ पेयजल योजना जगतपुर का भी शिलान्यास किया। इस दौरान माजरा, मिश्रवाला में गृहिणी सुविधा योजना के तहत 85 निशुल्क रसोई गैस कनेक्शन वितरित गए। इस मौके पर पंचायत समिति सदस्य फरीज खान, पूर्व प्रधान कामिल, प्रधान शुक्रदीन, विजेश गोयल, अमर सिंह, मलकीयत सिंह, रीता देवी सहित समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे।