राष्ट्रीय स्तर पर सराही प्रिया चौहान की सर्वे रिपोर्ट
संगड़ाह स्कूल की जमा एक की छात्रा ने ओडीशा में कमाया नाम
पंकज तन्हा
नाहन (सिरमौर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला संगड़ाह की जमा एक की छात्रा प्रिया चौहान की वैज्ञानिक सर्वेक्षण पर आधारित सर्वे रिपोर्ट को राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में काफी पसंद किया गया। राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस 27 से 31 दिसंबर तक ओडीशा के भुवनेश्वर स्थित शिक्षा और अनुसंधान यूनिवर्सिटी में आयोजित की गई। इसका शुभारंभ ओडीशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने किया। जबकि, समापन में महामहिम राज्यपाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में देश भर के सभी राज्यों से आए स्कूली छात्रों ने हिस्सा लिया। हिमाचल प्रदेश से इस प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूलों के 16 विद्यार्थियों और उनके शिक्षकों ने शिरकत की। इसमें से जिला सिरमौर से एकमात्र संगड़ाह स्कूल की जमा एक की छात्रा प्रिया चौहान शामिल रही। प्रिया के साथ उनकी शिक्षक ललिता चौहान उर्फ साक्षी भी प्रतियोगिता में मौजूद रहीं।
गौरतलब है कि प्रदेश के चंबा में 9 से 13 अक्तूबर तक राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस का आयोजन किया गया था। इसमें प्रिया चौहान की सर्वे रिपोर्ट को राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के लिए चयनित किया था। शिक्षिका ललिता चौहान उर्फ साक्षी ने बताया कि प्रिया की सर्वे रिपोर्ट संगड़ाह के उन पौधों पर आधारित रही, जिनसे जड़ी बूटी या औषधि तैयार होती है। इस सर्वे रिपोर्ट का नाम क्लीन ग्रीन एंड हेल्दी नेशन.. रहा। इस रिपोर्ट को राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में काफी पसंद किया गया है। प्रिया को आयोजकों ने बी प्लस ग्रेड प्रदान किया है। इसके अलावा प्रिया को मोमेंटो, मेडल और प्रमाण पत्र भी दिया गया। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में शामिल रहे सभी शिक्षकों को भी मोमेंटो और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। उधर, प्रिया चौहान की सर्वे रिपोर्ट को राष्ट्रीय स्तर पर सराहे जाने पर जिला विज्ञान पर्यवेक्षक शालू परमार, प्रधानाचार्य शेर जंग, एसएमसी अध्यक्ष हीरापाल शर्मा, राजेश जैन आदि ने प्रिया चौहान और उनकी शिक्षिका ललिता चौहान उर्फ साक्षी को बधाई दी है।