मारपीट पर तीन के खिलाफ केस
सराहां (सिरमौर)। पच्छाद के मापो गांव में एक व्यक्ति से मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस मामले में पीड़ित की पत्नी ने पुलिस थाना पच्छाद में शिकायत दी है। मधुबाला की ओर से दर्ज शिकायत में कहा गया है कि उसके पति रतनलाल शर्मा जब घर पर मकान का काम कर रहे थे तो उसी समय उन्हीं के परिवार के तीन लोगों ने झगड़ा शुरू कर दिया। इसके बाद तीनों ने उसके पति की लात घूंसों से मारपीट की। मारपीट में शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। उधर, पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। थाना प्रभारी बीरू अहमद ने बताया कि मधु शर्मा की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पीड़ित का मेडिकल कर दिया गया है, जिसे सराहां से नाहन रेफर किया गया है।