अमर उजाला ब्यूरो
ददाहू (सिरमौर)। सिविल अस्पताल ददाहू में डॉक्टरों की कथित दबंगई का एक मामला सामने आया है। आरोप है कि अस्पताल में तैनात दो डॉक्टरों ने मिलकर मेस में खाना बनाने वाले कुक की बंद कमरे में धुनाई कर डाली। इसके बाद कुक ने रेणुका पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया है। उधर, चिकित्सकों ने तमाम आरोपों को निराधार बताया है।
जानकारी के अनुसार मेस ब्वॉय राकेश कुमार ने डॉक्टरों पर उसके साथ मारपीट के आरोप लगाए गए हैं। इस मामले में रेणुका पुलिस ने आरोपी डॉक्टरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को सौंपी शिकायत में कुक राकेश ने बताया कि सोमवार रात्रि साढ़े दस बजे सिविल अस्पताल ददाहू के डॉक्टर एवं प्रभारी अमित गोयल और डॉ. मनदीप ने उसे खाना बनाने को कहा। इस पर मेस ब्वॉय ने अपने ठेकेदार को पूछकर खाना बनाने की बात कही। इस बीच डॉक्टरों ने मेस ब्वॉय को अपने रेस्ट रूम में बुलाया तथा कमरे की कुंडी चढ़ाकर मारपीट की। किसी तरह निकल कर मेस ब्यॉय राकेश ने अपनी जान बचाई। सुबह थाना रेणुकाजी में मारपीट का मामला दर्ज करवाया।
उधर, एएसपी सिरमौर वीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि सिविल अस्पताल के डॉक्टरों द्वारा मेस ब्वॉय के साथ मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी डॉक्टरों के खिलाफ धारा 342, 323 और 34 के तहत कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पीड़ित का मेडिकल करवाया जा रहा है।
सीएमओ सिरमौर डॉक्टर संजय शर्मा ने बताया कि उन्हें इस बारे में फोन पर ठेकेदार ने सूचना दी है। इस पूरे मामले की विभागीय जांच भी की जाएगी। उधर, अस्पताल के चिकित्सक अनुराग ने बताया कि तमाम आरोप निराधार हैं। मेस के मुद्दों को लेकर उससे बात की जा रही थी। किसी तरह की मारपीट नहीं की गई। उनके खिलाफ झूठे आरोप लगाए गए हैं।