सचित्र-1,2
नाहन की युवा संसद में गूंजा कसौली हत्याकांड
कन्या स्कूल में नेताओं के किरदार में दिखी छात्राएं
विपक्ष के तीखे सवालों पर सत्ता पक्ष ने किया जवाब
अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक (कन्या) पाठशाला नाहन में मंगलवार को सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जमकर हंगामा हुआ। सत्ता पक्ष ने जहां अपनी उपलब्धियां गिनवाई तो विपक्ष ने वादा खिलाफी के आरोप लगाते हुए बवाल बचाया। चौंकिए मत, यह सत्यता नहीं बल्कि नाहन स्कूल में सजी छात्र संसद के दृश्य हैं। कन्या स्कूल में आयोजित खंड स्तरीय युवा संसद में कई स्कूलों के प्रतिभागी विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया जिसमें कन्या, बनकला, जाबल का बाग के करीब 120 विद्यार्थी शामिल रहे।
इस छात्र संसद में प्रधानमंत्री अपनी टीम के साथ पहुंचे। यहां उन्होंने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनवाई। विपक्ष भी डटकर बैठा और सरकार पर तीखे सवाल दागे। नेता प्रतिपक्ष से लेकर अन्य सदस्यों ने सरकार को घेरा। बीच-बीच में जब बहस बढ़ी तो स्पीकर ने सभी को समझाते हुए शांत रहने का आग्रह किया।
इस प्रतियोगिता में छात्राओं ने पूरे उत्साह से भाग लेकर अलग-अलग किरदार निभाए। कोई प्रधानमंत्री बनीं तो कोई मंत्री। किसी ने नेता प्रतिपक्ष की भूमिका निभाई तो कोई सांसद की भूमिका में बैठी। इस संसद में हाल में हुए कसौली हत्याकांड का मुद्दा खूब गर्माया। सत्ता पक्ष ने अपना बचाव करने का प्रयास किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने सत्ता पक्ष व विपक्ष की भूमिका शानदार ढंग से निभाई।
इस दौरान देश के ज्वलंत मुद्दों पर सवाल-जवाब हुआ। साथ ही सामाजिक, आर्थिक, न्यायिक, सामाजिक, राजनैतिक, शैक्षणिक, पर्यावरण मुद्दों पर भी खूब तर्क-वितर्क हुआ। नोटबंदी व काले धन को लेकर कई बार तीखी नोक-झोंक हुई। कार्यक्रम में सदन की कार्रवाई की जानकारी दी गई। इसका मकसद यही था कि विद्यार्थियों को पता हो कि संसद में किस तरह से कार्य होता है। प्रश्नकाल कैसा होता है, पक्ष-विपक्ष की चर्चा कैसे होती है, किसकी क्या भूमिका रहती है। स्पर्धा में कन्या स्कूल नाहन व बनकला स्कूल दूसरे स्थान पर रहा। जबकि जाबल का बाग ने तीसरा स्थान हासिल किया।
इस मौके पर स्कूल की प्रधानाचार्या मीरा बंसल, महेश गुप्ता, अंजनि, बाबूराम, डॉ. आशिमा, सोहेल खान, राजेंद्र तोमर, राजीव शर्मा, जीवन जोशी, कविता शर्मा सहित स्टाफ के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
--------------------
--पंकज तन्हा