मनीषा ने गोल्ड, कनिजो ने जीता कांस्य पदक
तरनतारन में हुई एथलेटिक्स स्पर्धा में किया नाम रोशन
अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)।
हिमाचल की दो धावकों ने अमृतसर के तरनतारन में आयोजित एथलेटिक्स प्रतियोगिता में गोल्ड, सिल्वर व कांस्य पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया है। एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वाधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में सिरमौर के द्राबिल गांव की मनीषा ने 800 मीटर दौड़ में गोल्ड मेडल जीता। जबकि, 1500 मीटर दौड़ में मनीषा ने रजत पदक पर बाजी मारी।
वहीं चंबा जिला की कनिजो खान ने 1500 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतकर अपने इलाके का नाम रोशन किया है। सिरमौर एथलेटिक्स फेडरेशन में पंजीकृत दोनों धावकों ने पंजाब के तरनतारन में हिमाचल का प्रतिनिधित्व किया। 15 व 16 अक्तूबर को आयोजित हुई इस प्रतियोगिता में दोनों धावकों ने अंडर-19 एथलेटिक्स प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
उधर, सिरमौर एथलेटिक्स फेडरेशन के महासचिव रविंद्र पंवार ने बताया कि तरनतारन में दोनों धावकों ने अपने जिलों के साथ प्रदेश का नाम भी रोशन किया है। उन्होंने बताया कि तरनतारन में 29वीं नॉर्थ जोन जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। मनीषा सिरमौर के दूरदराज क्षेत्र द्राबिल की रहने वाली है। जबकि, कनिजो खान जिला चंबा की है। कनिजो का सिरमौर एथलेटिक्स फेडरेशन में पंजीकरण है। दोनों धावक धर्मशाला स्थित साईं होस्टल में अध्ययनरत हैं। इस मौके पर उन्होंने धावकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
---------हितेश