मुख्य संसदीय सचिव विनय कुमार ने रविवार को संगड़ाह बाजार में 52 लाख रुपये की लागत से निर्मित विभिन्न विकास एवं जन सुविधाओं का लोकार्पण किया जिसमें 43 लाख रुपये से टाइलें लगाने, चार लाख रुपये नालियों के निर्माण पर व 5 लाख रुपये सार्वजनिक सुविधा के निर्माण पर खर्च किए गए।
इस अवसर पर सीपीएस ने बताया कि रेणुका निर्वाचन क्षेत्र में सड़कों और पेयजल योजनाओं पर 80 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च की जा रही है। संगड़ाह में 7 करोड़ रुपये की लागत से मिनी सचिवालय का निर्माण किया जा रहा है जिससे इस क्षेत्र के लोगों को एक ही छत के नीचे प्रशासनिक एवं अन्य विभागों की सुविधा प्राप्त होगी।
उन्होंने बताया कि संगड़ाह में 14 करोड़ की लागत से डिग्री कॉलेज का निर्माण किया जा रहा है। जबकि हरिपुरधार डिग्री कॉलेज का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसके अलावा निर्वाचन क्षेत्र में 24 करोड़ की लागत से पेयजल एवं सिंचाई योजनाओं का निर्माण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि विकास की कोई सीमा नहीं होती। सिरमौर जिला में जो अभूतपूर्व विकास हुआ है उसमें कांग्रेस पार्टी का सर्वाधिक योगदान रहा है। रेणुका विधानसभा क्षेत्र का विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष दलीप सिंह, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव बृृजराज ठाकुर, सरोज बाला, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष तपेंद्र चौहान, यशपाल चौहान, तहसीलदार चेतन चौहान, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता केएल चौधरी के अलावा क्षेत्र के अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।