नेरीपुल-सनौरा मार्ग पर शलैच कैंची में बंद सड़क को बहाल करती विभाग की मशीनरी। संवाद
-शलैच कैंची में तीन घंटे बंद रहा नेरीपुल-सनौरा मार्ग
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन/रोनहाट/राजगढ़ (सिरमौर)। सिरमौर जिले में शनिवार को बारिश और भूस्खलन के कारण आठ सड़कों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। लोक निर्माण विभाग की रिपोर्ट के अनुसार संगड़ाह उपमंडल में सबसे अधिक पांच सड़कें बंद हुईं। इनमें से एक सड़क को बहाल कर दिया गया है, जबकि चार सड़कें अभी भी बंद हैं। इसके अलावा पांवटा साहिब में दो, नाहन में एक और राजगढ़ में एक सड़क बंद है। सराहां और शिलाई उपमंडल में फिलहाल कोई सड़क बंद नहीं है।
उधर, नेरीपुल-सनौरा-यशवंतनगर मार्ग पर शलैच कैंची के समीप शनिवार को अचानक पहाड़ी से भारी मलबा सड़क पर आ गिरा। इससे मार्ग करीब तीन घंटे तक बंद रहा। गनीमत रही कि मलबा गिरने के समय वहां से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था। मलबा गिरने के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता पवन गर्ग ने बताया कि मलबा गिरने की सूचना मिलते ही विभाग की मशीनरी को मौके पर भेजकर सड़क को यातायात के लिए खोल दिया गया। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और मलबा गिरने की घटनाओं को देखते हुए विभाग की मशीनरी और कर्मचारी सड़कों की बहाली के लिए मुस्तैद हैं।
उधर, कमरऊ तहसील के बोकाला निवासी दाता राम की गोशाला भी बारिश और भूस्खलन की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई। इससे गोशाला को नुकसान पहुंचा है। प्रारंभिक आकलन के अनुसार दाता राम को करीब 20 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। प्रभावित परिवार ने प्रशासन से नुकसान का जायजा लेकर उचित राहत प्रदान करने की मांग की है।