अमर उजाला ब्यूरो
रोनहाट (सिरमौर)। लाधि महल क्षेत्र की दर्जनों पंचायत के केंद्रबिंदु रोनहाट में अब लोगों को बिजली की समस्या से नहीं जूझना पड़ेगा। बिजली बोर्ड ने रोनहाट उप तहसील के समीप एक नया विद्युत ट्रांसफार्मर लगाया है। इसके लगने से अब इलाके में अघोषित बिजली कटों से परेशान क्षेत्र के ग्रामीणों ने रोनहाट में विद्युत बोर्ड का पुतला फूंक कर रोष प्रदर्शन किया था। नायब तहसीलदार के माध्यम से सरकार को ज्ञापन भी भेजा था। इसके बाद एक नया ट्रांसफार्मर लगा कर समस्या को कम करने की कोशिश की गई है।
गौरतलब है कि दुर्गम क्षेत्र की दर्जनों ग्राम पंचायतों से ग्रामीण अपनी दिहाड़ी और मजदूरी छोड़ कर आवश्यक कार्यों को करवाने के लिए रोनहाट पहुंचते हैं, लेकिन बिजली गुल होने का हवाला देकर तहसील और बैंक सहित अन्य दफ्तरों में उनके कार्य नहीं हो पाते हैं। परिणामस्वरूप उन्हें बैरंग लौटना पड़ता है। कई पंचायतों में तो कई दिनों तक ब्लैक आउट रहता था। हालांकि, शिकायतों के बावजूद बिजली बोर्ड अक्सर स्टाफ की कमी और ट्रांसफार्मर पर अत्यधिक भार का हवाला देकर अपना पल्ला झाड़ता रहा है। लेकिन, अमर उजाला मेें यह मामला प्रमुखता से उठने के बाद बिजली बोर्ड हरकत में आया। बोर्ड ने रोनहाट के समीप नया ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली की समस्या को दूर करने का प्रयास किया है। स्थानीय ग्राम पंचायत के प्रधान सतपाल चौहान, व्यापार मंडल के अध्यक्ष सूरत सिंह मुनीम, पूर्व चेयरमैन केदार सिंह छींटा, जीवा राम शर्मा, कल्याण सिंह मठाण, सुरेश कनियाल, सही राम शर्मा, लाला रण सिंह, दीप राम शर्मा, पूर्व प्रधान संत राम शर्मा, पूर्व प्रधान प्रताप शर्मा धर्मेट, पूर्व प्रधान जाति राम सिंगटा, रत्ती राम भारद्वाज आदि लोगों ने अमर उजाला का मामले को प्रमुखता से उठाने के लिए धन्यवाद किया है। वहीं, बिजली बोर्ड का भी नया ट्रांसफार्मर लगाने के लिए आभार जताया है। उन्होंने मांग की है कि पनोग में बन रहे 33 केवी सब स्टेशन के काम में तेजी लानी चाहिए। उधर, विद्युत बोर्ड के पनोंग सब-डिवीजन का अतिरिक्त कार्यभार देख रहे सहायक अभियंता अंशुल ठाकुर ने बताया कि लोगों की समस्या को ध्यान में रखते हुए रोनहाट उप-तहसील के पास शुक्रवार को एक नया ट्रांसफर लगा दिया गया है। क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को बेहतर करने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।