ददाहू (सिरमौर)। रेणुका पुलिस ने आपराधिक गतिविधियों व अवैध खनन पर नजर रखने के लिए रेणुका में दो और सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए हैं। यह कैमरे ददाहू-रेणुका मार्ग पर संगड़ाह चौक पर लगाए गए हैं। जिससे कि संगड़ाह, ददाहू व सतौन की ओर से आने-जाने वाले प्रत्येक वाहन पर पुलिस नजर रख सके। इन कैमरों का मॉनीटर वन मंडल रेणुका के कार्यालय में स्थापित किया गया है। ऐसा होने से वन विभाग भी वन माफिया पर नजर रख सकेगा। हालांकि रेणुका पुलिस द्वारा दो सीसीटीवी कैमरे पहले भी यहां लगाए गए हैं। लेकिन अब ददाहू में सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। इन दो कैमरों को ददाहू के मुख्य बाजार में लगाया जाना था। लेकिन मॉनीटर रखने की व्यवस्था न होने के कारण पुलिस ने इन कैमरों को संगड़ाह चौक पर स्थापित कर दिया है। डीएसपी संगड़ाह अनिल दोल्टा ने बताया कि ददाहू में दो अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। जिससे कि रेणुका से आने व जाने वाले वाहनों के साथ-साथ संदिग्ध लोगों पर भी नजर रखी जा सके। वन विभाग को भी इन कैमरों से वन माफिया पर नजर रखने में सहायता मिलेगी।