नाहन (सिरमौर)। जिला सिरमौर नंबरदार जनकल्याण महासंघ की विभिन्न मांगों को लेकर उपायुक्त सिरमौर के साथ बुधवार को बैठक हुई। बैठक के दौरान नंबरदारों ने अपनी मांगों को प्रमुखता से उठाया और चर्चा की। नंबरदारों ने मानदेय भत्ता देने, खाली पड़े पद भरने, सभी तहसीलों व उपतहसीलों में नंबरदारों को बैठने के लिए एक-एक कक्ष देने, जमीन की खरीद फरोख्त के समय हलका नंबरदार से एनओसी सुनिश्चित करने, पहचान पत्र जारी करने, भूमि की खरीद व फरोख्त के वक्त नंबरदारों से शिनाख्त कराने, पटवारियों की बैठक के साथ नंबरदारों की बैठक सुनिश्चित करने व और मानदेय को सीधे खाते में डालने संबंधी चर्चा की गई। महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष मंजूर अली मलिक ने बताया कि उपायुक्त सिरमौर ललित जैन के समक्ष नंबरदारों की समस्याओं व मांगों को उठाया गया है। उन्होंने बताया कि जिला सिरमौर में नंबरदारों के कई पद खाली चल रहे हैं। जल्द से जल्द नंबरदारों के पद भरे जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि जब से नंबरदारों को पट्टे जारी हुए हैं तभी से मानदेय भत्ता जारी किया जाए। उन्होंने बताया कि जनमंच कार्यक्रमों में भी नंबरदारों को आमंत्रित किया जाए। इसके लिए लिखित में सूचना दी जाए। इस मौके पर महासंघ के जिला प्रधान जगदीश चंद शर्मा, पांवटा के प्रधान शमशेर अली, कमरऊ के जगत सिंह चौहान, पच्छाद के भूप सिंह के अलावा जमालुदीन, हरि सिंह, करनैल सिंह, नाजर अली, मोहन सिंह, जाकिर हुसैन, भूप सिंह, मामराज, मनिंद्र सिंह, हरनेक सिंह, हंसराज, तेजवीर सिंह, ज्ञानचंद, बलबीर, जगमोहन, रमेश, चंद्रमोहन, सुखदर्शन सिंह, हीरा सिंह, गुरबक्श सिंह, रामगोपाल आदि उपस्थित रहे।