संगड़ाह (सिरमौर)। घास काटने गई एक महिला की गहरी खाई में गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। मामला संगड़ाह पुलिस थाना के तहत आने वाले सैंज गांव में सामने आया। मृतक महिला की पहचान 30 वर्षीय परीक्षा देवी पत्नी हरदेव सिंह निवासी सैंज तहसील संगड़ाह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार महिला घास काटने के लिए घासनी में गई थी। इसी बीच अचानक उसका पांव फिसल गया और वह करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। परीक्षा देवी को उसके पति हरदेव सिंह ने ग्रामीणों की सहायता से संगड़ाह अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मामले की पुष्टि संगड़ाह के डीएसपी अनिल धोल्टा ने की है।