पावटा साहिब (सिरमौर)। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के माध्यम से हादसे में मृतक के परिजनों को 2 लाख राशि मिली है। परिजनों को बीमा राशि की जानकारी नहीं थी। परिजन पांवटा तहसीलदार से मिली 50 हजार राशि जमा करवाने पहुंचे थे। इस दौरान राज्य सहकारी बैंक शाखा प्रबंधक ने इस बीमा व मिलने वाली राशि बारे जानकारी दी। औपचारिकताओं को पूरा करने पर मृतक की पत्नी के खाते में 2 लाख राशि जमा हो गई है।
नवंबर 2018 को जगतपुर के समीप सड़क हादसे में माजरा निवासी सलीम की मौत हो गई थी। प्रशासन से पीड़ित परिजनों को 50 हजार सहायता राशि प्रदान की। सलीम का पुत्र इस राशि को जमा करवाने माजरा सहकारी बैंक शाखा में पहुंचा। इस दौरान परिजनों को पता चला कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना में सितंबर 2018 में 12 रुपये वार्षिक किस्त जमा हुई थी। जिसमें बीमा करवाने वाले की मौत हो जाने पर परिजनों को 2 लाख राशि प्रदान की जाती है। बैंक शाखा प्रबंधक योगेश गुप्ता ने इसकी पूरी जानकारी से परिजनों को अवगत करवाया। इसके बाद केवाईसी व मृत्यु प्रमाणपत्र समेत जरूरी दस्तावेज परिजनों ने बैंक शाखा में जमा करवा दिए। फरवरी 2019 में सलीम की पत्नी जमीला के खाते में बीमा की दो लाख राशि क्लेम के रूप में जमा हो गई है।
उधर, हिप्र राज्य सहकारी बैंक शाखा माजरा प्रबंधक योगेश गुप्ता ने इसकी पुष्टि की है। बैंक प्रबंधक ने कहा कि जगतपुर गांव निवासी सलीम ने सितंबर 2018 में महज 12 रुपये की एक ही किस्त जमा करवाई थी। दुर्भाग्य से नवंबर 2018 में जगतपुर के पास सड़क हादसे में सलीम की मौत हो गई। परिजनों को पीएम सुरक्षा बीमा योजना की जमा हुई किस्त व क्लेम राशि मिलने की जानकारी नहीं थी। प्रशासन से मिली फौरी सहायता राशि जमा करवाने परिजन पहुंचे थे। इस दौरान अवगत करवाया गया। 7 फरवरी 2019 को पीड़ित पत्नी के खाते में क्लेम की राशि 2 लाख जमा कर दी गई है।