अमर उजाला ब्यूरो
कालाअंब (सिरमौर)। हिमालयन संस्थान कालाअंब में बुधवार को लघु उद्योग भारती की कालाअंब इकाई का जिला स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बलदेव भाई प्रजापति ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान लघु उद्यमियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर आने वाली समस्याओं को लेकर विचार विमर्श किया गया। कालाअंब इकाई के अध्यक्ष अश्वनी गर्ग ने कहा कि लघु उद्योगपतियों को जीएसटी में कुछ रियायत मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में धारा-118 को सरल बनाया जाए। इसके अलावा अग्निशमन विभाग से अनापत्ति पत्र लेने की प्रक्रिया को सरल और तेज किया जाना चाहिए। साथ ही लघु उद्योगों के लिए ऑनलाइन स्वयं घोषित प्रमाणपत्र को ही एनओसी माना जाए। इस अवसर पर इकाई महासचिव विकास बंसल ने इस तरह के सम्मेलन नियमित रूप से करने पर बल दिया। इस मौके पर विक्रम बिंदल, राजीव कंसल, विकास सेठ, अखिल मोहन अग्रवाल, नेत्र प्रकाश कौशिक, राकेश गोयल, संजय सिंगला, संदीप अग्रवाल, सुभाष तोमर, नवरतन देव, अनिल सिंह, तेजिंद्र गोयल, रमेश गोयल, राजीव गोयल, प्रदीप बंसल, ईश्वर गर्ग, सुनील कुमार गुप्ता आदि मौजूद रहे।