संगड़ाह (सिरमौर)। मां भंगायणी मंदिर सेवा समिति ने कुपवी से हरिद्वार के लिए पथ परिवहन निगम की बस सेवा शुरू करने की मांग की है। समिति ने मांग की है कि इस बस सेवा को कुपवी से वाया हरिपुरधार, रेणुकाजी, बाइला और पांवटा साहिब होते हुए हरिद्वार तक चलाया जाए। बस सेवा शुरू होने से शिमला और सिरमौर जिले के पांच विधानसभा क्षेत्रों के हजारों लोगों को फायदा मिलेगा। कुपवी और हरिपुरधार क्षेत्र से हरिद्वार के लिए अभी तक कोई भी सीधी बस सेवा नहीं है। लोगों को हरिद्वार तक पहुंचने के लिए तीन बसें बदलनी पड़ती हैं। लिहाजा, हरिद्वार आने-जाने के लिए तीन दिन का समय लग जाता है। यदि यह बस सेवा शुरू होती है तो दो दिन के भीतर ही लोग हरिद्वार के लिए अप-डाउन कर सकेंगे। समिति ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, परिवहन मंत्री व प्रधान सचिव पथ परिवहन हिमाचल प्रदेश को पत्र लिख कर इस समस्या से निजात दिलाने की मांग की है। मंदिर समिति के संयोजक बलवीर ठाकुर, प्रबंधक मोहर सिंह राणा और अध्यक्ष कैप्टन नैन सिंह राणा ने बताया कि यदि यह बस सेवा शुरू होती है तो लोग चार धार्मिक स्थलों के दर्शन एक साथ कर सकेंगे। कुपवी से बस चलने के बाद यात्री हरिपुरधार के प्रसिद्ध मां भंगायणी मंदिर में माता के दर्शन कर सकेंगे। बस सेवा के शुरू होने से शिमला जिला की चौपाल, सिरमौर जिले की रेणुका जी, नाहन पांवटा साहिब और शिलाई समेत पांच विधानसभा क्षेत्रों के हजारों लोगों को फायदा मिलेगा।