पानीपत में दुर्घटनाग्रस्त हुआ सिरमौर का टिपर।
- फोटो : अमर उजाला ब्य़ूरो
सराहां (सिरमौर)। पच्छाद क्षेत्र के मानगढ़ निवासी एक युवक की पानीपत में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है। युवक मानगढ़ क्षेत्र में किसानों का टमाटर एकत्रित कर एक ट्रक में लेकर दिल्ली जा रहा था। पानीपत के समीप ही उनका ट्रक एक ट्राले से टकरा गया, जिससे युवक की मौत हो गई। जबकि, चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक की मौत से मानगढ़ इलाके में मातम का माहौल है। मृतक रूपेश शर्मा (28) मानगढ़ पंचायत के प्रधान का बेटा था।
जानकारी के मुताबिक रविवार रात गाड़ी में मानगढ़ निवासी रूपेश शर्मा (28) क्षेत्र के किसानों के टमाटर को इकट्ठा कर उसे दिल्ली बेचने जा रहा था। पानीपत के समीप गाड़ी एक ट्राले से टकरा गई, जिससे मानगढ़ निवासी रूपेश शर्मा की मौत हो गई जबकि चालक को भी गंभीर चोटें आई हैं। रूपेश शर्मा अपने पीछे पत्नी और सात महीने की बेटी को छोड़ गया है। वह स्कूल में जलवाहक के पद पर कार्यरत था लेकिन, रविवार और सोमवार की छुट्टी के चलते वह टमाटर लेकर दिल्ली निकल गया। ग्रामीणों के मुताबिक रूपेश बहुत मेहनती लड़का था। वह जहां स्कूल में हर काम को मेहनत और सादगी से पूरा करता था, वहीं परिवार के कार्यों में भी पूरा सहयोग करता था। रविवार को रूपेश के पिता विनोद शर्मा ने टमाटर की गाड़ी के साथ दिल्ली जाना था, लेकिन रूपेश ने पिता से कहा कि है आज विश्राम कर लें क्योंकि मेरी कल भी छुट्टी है। इसलिए मैं चला जाता हूं। रूपेश की करीब दो वर्ष पहले शादी हुई थी। वह सात महीने की अबोध बेटी को भी छोड़ गया है। उधर, थाना प्रभारी सराहां वीरू अहमद ने दुर्घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पानीपत पुलिस ने मानगढ़ के युवक की सड़क हादसे में मौत होने की सूचना दी है।