नाहन (सिरमौर)।
जयराम सरकार के शुरूआती कार्यकाल में हो रहे तबादलों के चलते शिक्षा विभाग के अधिकारी कुर्सी बचाने की लड़ाई में उलझकर रह गए हैं। सरकार न केवल शार्ट स्टे में अधिकारियों के तबादले करने में लगी है। बल्कि, अब हालत यह हो गई है कि एक कुर्सी पर दो-दो अधिकारी हो गए हैं। सरकार द्वारा किए जा रहे तबादलों को अदालत में चुनौती मिलने के बाद विभाग के लिए भी काफी उलझन पैदा हो गई है। ऐसे में ट्रांसफर किया हुआ अधिकारी न तो अपना पदभार संभाल रहा है। ऊपर से स्टे लेने वाले अधिकारियों ने भी अब इसी कुर्सी पर कब्जा जमा लिया है। अब उस कुर्सी का कामकाज सही ढंग से नहीं हो पा रहा है।
वहीं, दूसरी तरफ भी अधिकारी के ज्वाइन न करने पर कार्य प्रभावित होना लाजमी है। मौजूदा समय में ऐसे ही दो मामले जिला सिरमौर के शिक्षा महकमे में चल रहे हैं। पहला मामला डाइट नाहन का है। यहां पर एक नहीं बल्कि दो-दो प्रिंसिपल एक कुर्सी संभाल रहे हैं।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार नाहन डाइट से प्रिंसिपल मानसिंह ठाकुर का बनेठी स्कूल के लिए ट्रांसफर किया गया था। वहीं, डाइट के प्रिंसिपल के पद पर बनेठी स्कूल के प्रधानाचार्य की तैनाती की गई। लिहाजा, बनेठी स्कूल के प्रिंसिपल मुरली गुप्ता ने डाइट में पदभार संभाल लिया। वहीं डाइट के पहले प्रधानाचार्य ने इसे कोर्ट में चुनौती देकर स्टे ले लिया। अब डाइट के प्रिंसिपल की कुर्सी पर दो-दो प्रधानाचार्य तैनात हो गए हैं।
ऐसा ही दूसरा मामला शिक्षा विभाग के ओएसडी (एलीमेंट्री) का भी है। बीते दिनों शिक्षा विभाग के ओएसडी दलीप सिंह नेगी का विक्रमबाग स्कूल में प्रिंसिपल के पद पर तबादला कर दिया गया। जबकि, ओएसडी का कार्यभार कार्यवाहक शिक्षा उपनिदेशक को सौंप दिया। बताया जा रहा है कि दलीप सिंह नेगी ने भी तबादला आदेश को कोर्ट में चुनौती दी और उन्हें भी स्टे मिल गया।
उधर, शिक्षा विभाग के उपनिदेशक (हायर) उमेश बहुगुणा ने बताया कि डाइट में दो प्रिंसिपल की तैनाती का मामला संज्ञान में है लेकिन इस मामले को लेकर अभी तक उन्हें कोई रिपोर्ट नहीं सौंपी गई है। उन्होंने यह भी माना कि ओएसडी का पदभार भी उनके पास है, मगर स्टे के बारे में उन्हें जानकारी नहीं है।