अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। असंगठित क्षेत्र में कार्य करने वाले 52 विद्यार्थियों को 13 लाख 70 हजार रुपये के चेक वितरित किए गए। जिला श्रम अधिकारी राजेंद्र चौहान ने कहा कि यह चेक श्रमिक कल्याण के सभागार में प्रदान किए गए। उन्होंने बताया कि श्रमिक कल्याण बोर्ड ने 6555 लाभार्थियों को हिप्र भवन एवं निर्माण श्रमिक कल्याण बोर्ड की ओर से 1 करोड़ 92 लाख 17 हजार 489 रुपये की राशि वितरित की है जिसमें विवाह सहायता के लिए 361 लाभार्थियों को 95 लाख 52 हजार रुपये, पितृत्व सहायता के लिए 34 लाभार्थियों को 34 हजार, मातृत्व सहायता के लिए आठ लाभार्थियों को 60 हजार रुपये दिए।
इसके अलावा साइकिल के लिए दो लाभार्थियों को 6 हजार, चिकित्सीय सहायता के लिए 35 लाभार्थियों को दो लाख 31 हजार 489 रुपये, शैक्षणिक गतिविधियों में सहायता के लिए 3433 लाभार्थियों को 54 लाख 14000 रुपये, केरोसिन स्टोव खरीदने के लिए 2039 लाभार्थियों को 30 लाख 58 हजार 500 रुपये, 622 इंडक्शन चूल्हा, मृत्यु या अंतिम संस्कार के समय 25 लाभार्थियों को 10 लाख 30 हजार रुपये की राशि वितरित की गई।
राजेंद्र चौहान ने कहा कि श्रमिक कल्याण बोर्ड द्वारा असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले निर्धन लोगों के लिए चलाई जा रही अनेक कल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार पंचायत स्तर तक किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के तहत अधिक से अधिक पात्र मजदूरों का पंजीकरण करवाया जा रहा है ताकि लोग श्रमिक कल्याण बोर्ड द्वारा दी जाने वाली विभिन्न सुविधाओं का लाभ उठा सके।