अमर उजाला ब्यूरो
सराहां (सिरमौर)। पच्छाद क्षेत्र की नैनाटिक्कर पंचायत के खलेजी गांव के कैंसर से पीड़ित बच्चे के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हाथ आगे बढ़ाए हैं। उन्होंने कहा है कि हालांकि यह मामला उनके ध्यान में नहीं है लेकिन यदि पीड़ित परिवार के लोग आवेदन करते हैं तो सरकार बच्चे के इलाज के लिए हर संभव सहायता करेगी।
गौरतलब है कि खलेजी गांव का एक तीन वर्षीय अक्षित गौतम कैंसर से पीड़ित है। इलाज के लिए परिजन पाई पाई को मोहताज हो गए हैं। पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन व प्रदेश सरकार से मदद की गुहार भी लगाई थी। अक्षित के पिता हरदेव गौतम चित्रकारा यूनिसर्विटी कालू मिंडा के समीप सब्जी की छोटी सी दुकान चलाते थे। अब वह भी बंद करनी पड़ी है।
पिछले वर्ष अगस्त माह में अपने बेटे को इलाज के लिए वह पीजीआई लेकर गए थे। इस दौरान डॉक्टरों से उन्हें पता चला कि उनके बेटे को ब्लड कैंसर है। इसके बाद उसे पीजीआई में ही दाखिल कर लिया गया। इस दौरान पीड़ित परिवार की सारी जमा पूंजी उसके इलाज में खर्च हो गई है। रिश्तेदारों से लिया पैसा भी वह इलाज में लगा चुके हैं। आज हालात यह है कि अक्षित के पिता हरदेव व माता सुमन देवी के पास बेटे का इलाज करवाने के लिए एक फूटी कौड़ी भी नहीं है। गौरतलब है कि 21 जनवरी के अंक में ‘अमर उजाला’ ने ब्लड कैंसर से पीड़ित बच्चे के इलाज को मोहताज हुआ परिवार शीर्षक से यह मामला प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद सोमवार को मुख्यमंत्री ने बच्चे के इलाज के लिए मदद का आश्वासन दिया है।
----------------