अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)।
उपायुक्त सिरमौर ललित जैन ने बुधवार को जवाहर विद्यालय समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए जानकारी दी कि नाहन जवाहर नवोदय विद्यालय के छ: असुरक्षित भवनों के बारे में मामला आयुक्त जवाहर नवोदय विद्यालय समिति दिल्ली के साथ उठाया गया है। शीघ्र ही केंद्रीय विशेषज्ञ दल द्वारा इसका निरीक्षण किया जाएगा ताकि नए भवन के निर्माण के लिए समिति द्वारा धनराशि का प्रावधान किया जा सके।
उपायुक्त ने पाठशाला के प्रधानाचार्य सत्येंद्र सिंह को निर्देश दिए कि विद्यालय में प्रवेश के लिए आयोजित की जाने वाली परीक्षा बारे व्यापक प्रचार प्रसार किया जाए ताकि ग्रामीण परिवेश के अधिक से अधिक बच्चे जेएनवी की परीक्षा में भाग ले सकें। उन्होंने निर्देश दिए कि जेएनवी परीक्षा का प्रचार एफएम रेडियो और दूरदर्शन शिमला के अतिरिक्त विभिन्न समाचार पत्रों के माध्यम से किया जाए।
उन्होंने कहा कि जिला में चयनित 14 परीक्षा केंद्र पर परीक्षा की बेहतर व्यवस्था की जाए ताकि बच्चे अच्छे वातावरण में परीक्षा दे सकें। उन्होंने प्रधानाचार्य को निर्देश दिए कि बच्चों को स्कूल में ताजा और स्वास्थ्य वर्धक खाना उपलब्ध करवाया जाए। इसके अतिरिक्त बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए विशेष पग उठाए जाएं। विद्यालय के प्राचार्य सत्येंद्र सिंह ने जानकारी दी कि विद्यालय में वर्तमान में 312 बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त उन्होंने आवासीय व्यवस्था बारे उपायुक्त को विस्तार से जानकारी दी।
-----------