संगड़ाह (सिरमौर)।
उपमंडल संगड़ाह की ग्राम पंचायत अंधेरी से लापता सनिया राम का शव बरामद हुआ है। लापता होने के करीब 40 दिन बाद 70 वर्षीय सनिया राम अंधेरी के बाजण के जंगल में मृत मिला। ग्रामीणों के अनुसार शव की हालत क्षत-विक्षिप्त हो गई थी।
गौरतलब है कि सनिया राम दिवाली वाले दिन अपने अन्य साथियों के साथ-साथ सेंज गांव में बूढ़ा नृत्य करने गया था। उसके सभी साथी अपने घर आ गए थे, लेकिन वह रास्ते से पिछड़कर गायब हो गया। जब वह घर नहीं आया तो उसके घरवालों ने गांव के लोगों की मदद से कई दिन तक सनिया की तलाश की।
24 अक्तूबर को पुलिस थाना संगड़ाह में इसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई। तब से लेकर अब तक पुलिस और परिजन सनिया राम की तलाश कर रहे थे लेकिन कहीं भी उसका पता नहीं चल पाया। मंगलवार सुबह अंधेरी गांव की एक महिला बाजण जंगल में घास काटने जा रही थीं तो उसने सनिया राम का क्षत-विक्षिप्त हालत में पड़ा शव देखा। वह उल्टे पांव घर भागी और इसकी सूचना पंचायत की प्रधान पदमा देवी को दी। इस पर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। संगड़ाह पुलिस ने मौके पर जा कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए संगड़ाह चिकित्सालय पहुंचाया।
इस संदर्भ में थाना प्रभारी विरोचन नेगी ने लापता सनिया के मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि उसका शव काफी गल-सड़ चुका था। गांव के लोगों की मदद से उसकी शिनाख्त की गई है। शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया गया है। बुजुर्ग की मृत्यु कैसे हुई इसका अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
-----------------