ददाहू तहसील में बारिश से 67.55 लाख रुपये का नुकसान
जगह-जगह दरारें आने से खाली करवाए गए रिहायशी मकान
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। लगातार मूसलाधार बारिश के चलते ददाहू तहसील के अंतर्गत बीते चार दिनों के दौरान नुकसान के डेढ़ दर्जन मामले सामने आए हैं। इनमें 67.55 लाख रुपये की क्षति हुई है। हल्का पटवारियों ने नुकसान का आंकलन करने के पश्चात रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेज दी है।
इन सभी 18 मामलों में सर्वाधिक नुकसान बेचड़ का बाग पटवार वृत्त के चोरटिया बनोगटा गांव में पेश आया है। यहां भूस्खलन के चलते सुखचैन सिंह के रिहायशी और पक्के मकान को खतरा उत्पन्न हो गया है, जिसका 50 लाख रुपये की हानि का आंकलन किया गया है। जिला प्रशासन की ओर से 10,000 की फैरी राहत प्रदान करके मकान को खली करवाया गया है।
तहसीलदार ददाहू राजेंद्र ठाकुर ने बताया कि ददाहू तहसील के अंतर्गत नुकसान के कुल 18 मामले आए हैं। इनमें 67 .55 लाख रुपये की वित्तीय क्षति का आंकलन किया गया है। रिपोर्ट तैयार करके जिला प्रशासन को भेज दी गई है।
-
मलबे में दबीं दो कारें
राजगढ़। भारी बारिश के चलते राजगढ़-हाब्बन मार्ग में उद्यान विभाग के समीप भूस्खलन से मलबे में दो कारें दब गईं। सड़क के किनारे खड़ी इन कारों पर मंगलवार सुबह मलबा गिरा और सड़क भी बंद हो गई। मलबे में लेखराम की आल्टो 800 कार (एचपी16- 6289) और सुभाष राणा की कार (एचपी16ए -3225) दब गई। वहीं राजगढ़-खैरी मार्ग, राजगढ़-नौहराधार मार्ग और संपर्क मार्ग दाहन, बथाऊधार, ब्राईला, भियानाघाट इत्यादि भी बंद रहे।
-
प्रभावितों को दी अंतरिम राहत
संगड़ाह। उपमंडल संगड़ाह के अंतर्गत आने वाले गांव रजाणा, जावगा और सांगना के तीन परिवारों को स्थानीय कार्यवाहक उपमंडल अधिकारी प्रोमिला धीमान ने प्रशासन की ओर से तिरपाल और राशन आदि जारी कर अंतरिम राहत प्रदान की गई।
उधर, भारी बारिश के चलते ग्राम पंचायत अंधेरी के भड़वाना गांव के पीछे दरार आने से 6 लोगों को घर खाली करने पड़े। ग्रामीण राजेंद्र सिंह ने बताया कि उनके घर के पीछे पहाड़ी से मलवा गिरने से उनका घर क्षतिग्रस्त हो गया है।
यदि यह हादसा रात्रि में होता तो उनका पूरा परिवार मलबे में दब जाता। इसके अलावा सुंदर सिंह, चांदन सिंह, झटकू, कुलदीप, प्रदीप, रणदीप को भी अपने घर खाली करने पड़े। लोगों ने बताया कि यदि पहाड़ी दरक जाती है तो उनके घर इसकी चपेट में आ जाएंगे। संवाद
राजगढ़ में मलबे की चपेट में आई कारें व मकान। संवाद