अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)। उपायुक्त सिरमौर ने शनिवार को सिविल अस्पताल पांवटा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, जेनरिक दवाइयों, सफाई व्यवस्था सहित अस्पताल परिसर के भीतर मेडिकल स्टोर का भी जायजा लिया। उसके बाद एसडीएम पांवटा सहित अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर लोस चुनाव को लेकर चर्चा की। उपायुक्त ललित जैन शनिवार दोपहर को अचानक अस्पताल पहुंचे। इस दौरान स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लेने के बाद वह रोगियों से भी मिले। उनका हाल पूछकर उन्हें दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की भी जानकारी हासिल की।
उपायुक्त ने अस्पताल परिसर में बनी सरकारी एवं निजी दवाइयों की दुकानों का भी निरीक्षण किया। इसके अलावा अस्पताल में मरीजों को दिए जा रहे भोजन को भी जांचा। इस औचक निरीक्षण के बाद उपायुक्त ललित जैन ने पत्रकारों से वार्ता में कहा कि उनके पांवटा आने का मुख्य उद्देश्य लोस चुनाव को लेकर अधिकारियों से चर्चा करना था। इस मौके पर अस्पताल का भी जायजा लिया गया। इस अवसर पर एसडीएम पांवटा एलआर वर्मा, पांवटा सिविल अस्पताल के प्रभारी डॉ. संजीव सहगल समेत स्टाफ सदस्य मौजूद रहा।