चूड़धार यात्रा पर गई बच्ची लापता
परिजनों के साथ मंदिर जा रहा था पूरा परिवार
परिजनों की सूचना पर तलाश को पुलिस रवाना
अमर उजाला ब्यूरो
नौहराधार (सिरमौर)। चूड़धार यात्रा पर निकले एक परिवार से उनकी मासूम बच्ची बिछुड़ गई है। चूड़धार की पहाड़ियों में लापता हुई मासूम बच्ची का कोई पता नहीं चल सका है। हालांकि, परिजनों ने उसे अपने स्तर पर तलाश किया लेकिन कोई अता-पता नहीं चल सका। लिहाजा, परिजनों ने पुलिस को सूचना कर सहायता मांगी है। परिजनों की सूचना पर नौहराधार पुलिस का एक दल बच्ची की तलाश के लिए रवाना हो गया है।
जानकारी के मुताबिक चौपाल के पुलमाल नागन निवासी गुरदयाल सिंह अपनी पांच वर्षीय बच्ची श्रुति, अन्य परिजनों और रिश्तदारों के साथ रविवार को चूड़धार यात्रा पर गए थे। सोमवार को वापस लौटते वक्त चूड़धार से करीब पांच किलोमीटर दूर तीसरी नामक स्थान के समीप शोंथल के जंगल में श्रुति उनसे बिछुड़ गई। परिजनों और रिश्तेदारों ने उसे जंगल में ढूंढने के काफी प्रयास किए लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल पाया। इसके बाद उनके साथ आया रमेश कुमार ने नौहराधार पुलिस चौकी को बच्ची के लापता होने की सूचना दी। इसके बाद नौहराधार पुलिस का एक दल स्थानीय ग्रामीणों के साथ बच्ची की तलाश के लिए चूड़धार को रवाना हो गया है। बच्ची कैसे बिछुड़ गई, इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है। बच्ची के मिलने के बाद ही इसका खुलासा हो सकेगा। डीएसपी संगड़ाह अमित धोलटा ने बताया कि पांच वर्षीय बच्ची श्रुति के गायब होने की सूचना मिली है। पुलिस की एक टीम चूड़धार के लिए भेजी गई है। पुलिस की सहायता के लिए करीब पंद्रह स्थानीय लोग भी इस टीम में शामिल किए गए हैं।