ददाहू (सिरमौर)। नए खुले डिग्री कॉलेज ददाहू में छात्रों की संख्या सौ का आंकड़ा पार गई है जिससे इस कॉलेज के अब बंद होने की अटकलों पर भी विराम लग गया है। प्रवेश प्रक्रिया की अंतिम तिथि 30 जून तक कॉलेज में 104 बच्चे प्रवेश लेने में कामयाब रहे। इनमें 102 छात्र कला व दो छात्र वाणिज्य के शामिल हैं। हालांकि 117 बच्चों ने प्रवेश फार्म खरीदे थे जिनमें से 104 बच्चों ने शनिवार तक प्रवेश ले लिया।
आगामी 15 जुलाई से कक्षाओं का संचालन भी शुरू कर दिया जाएगा। यदि प्रवेश की तिथि आगे बढ़ती है तो कुछ और बच्चों के प्रवेश लेने की पूरी उम्मीद है। कॉलेज में प्रवेश को लेकर बच्चों में खासा उत्साह दिखाई दिया। यदि कला एवं वाणिज्य के साथ-साथ विज्ञान की कक्षाओं का संचालन भी होता तो छात्रों की संख्या अधिक हो सकती थी।
उधर, डिग्री कॉलेज ददाहू के कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. दिनेश भारद्वाज ने बताया कि कॉलेज में 104 बच्चों ने प्रवेश ले लिया है। उन्होंने कहा कि 15 जुलाई तक प्राध्यापकों की नियुक्तियां कर दी जाएंगी।