अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)।
सिरमौर निजी बस यूनियन प्रधान मामराज शर्मा व महासचिव अखिल शर्मा का कहना है कि निरंतर डीजल के दामों में बढ़ोतरी होती जा रही है। इससे निजी बसों का कारोबार डूबने के कगार पर पहुंच गया है। इस बारे में एक प्रतिनिधिमंडल प्रदेश के मुख्यमंत्री से शीघ्र मिलेगा। इस दौरान किराया बढ़ोतरी की मांग उठाई जाएगी। अन्यथा घाटे में पहुंच चुकी निजी बसों को खड़ा करने को मजबूर होंगे।
निजी बस ऑपरेटर अध्यक्ष मामराज शर्मा शनिवार को लोनिवि पांवटा विश्रामगृह में आयोजित बैठक में संबोधित कर रहे थे। बैठक में निजी बस ऑपरेटर यूूनियन पदाधिकारियों व वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रीन टैक्स बंद करें। एसआरटी टैक्स पर सरचार्जिज नहीं लगाया जाएं।
बैठक में मांग उठाई गई की न्यूनतम किराया 10 रुपये कर दिया जाए। डीजल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं जिससे बस संचालकों को आर्थिक चपत लग रही है।
प्रदेश सरकार से मांग रखी जा रही है कि 40 फीसदी बस किराया में बढ़ोतरी करें ताकि इस कारोबार को डूबने से बचाया जा सकें। बैठक में कांगड़ा एचआरटीसी कर्मियों के द्वारा अनैतिक रुप से आरटीओ धर्मशाला पर लगाए जा रहे इल्जामों की जमकर भर्त्सना की गई। प्रदेश सरकार इस मामले में एचआरटीसी कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करे। इस अवसर पर अखिल शर्मा, सुनील कपूर, रमेश चौहान, अनवर अली, संजीव पुंडीर, अमरजोत पुरेवाल व कमलीत सिंह बंगा समेत अन्य ऑपरेटर मौजूद रहे।