पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह 11 मार्च को रेणुका में
रेणुका ब्लॉक कांग्रेस आयोजित करेगी महासम्मेलन
अमर उजाला ब्यूरो
ददाहू (सिरमौर)।
रेणुका विधानसभा से कांग्रेस का विधायक चुने जाने की खुशी में उत्साहित ब्लॉक कांग्रेस 11 मार्च को माइना गांव में जश्न मनाएगी। इस दौरान मतदाताओं व पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए एक सम्मेलन का आयोजन भी किया जाएगा। इसकी अध्यक्षता प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह करेंगे।
इस मौके पर रेणुका के विधायक व पूर्व सीपीएस विनय कुमार क्षेत्र की जनता का आभार प्रकट करने के साथ-साथ उनको सहभोज भी देंगे। साथ ही मतदान के दौरान बूथों पर लीड दिलाने वाले बूथ प्रभारियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
रेणुका कांग्रेस मंडल के महासचिव मित्र सिंह तोमर ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह 10 मार्च को ही रेणुका पहुंच जाएंगे। 11 मार्च की सुबह माइना बाग में कांग्रेस मंडल की बैठक का आयोजन किया जाएगा जिसमें पिछले पांच वर्षों के दौरान रेणुका में हुए अभूतपूर्व विकास को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का नागरिक अभिनंदन व आभार व्यक्त किया जाएगा। साथ ही आगामी पांच वर्षों के लिए रेणुका के विकास को लेकर रणनीति तैयार की जाएगी।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय सोलंकी, शिलाई के विधायक हर्षवर्धन चौहान, गंगूराम मुसाफिर, किरनेश जंग, जिला परिषद अध्यक्ष, कंवर अजय बहादुर सिंह सहित जिला के आला कांग्रेसी नेता भी शिरकत करेंगे।
----------------