अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)।
सिरमौरी हुक्मरानों की राजधानी रहे नाहन शहर में सड़कों की हालत बद से बदतर हो गई है। पिछले लंबे अरसे से इन सड़कों की मरम्मत नहीं हो पा रही जिस वजह से जगह-जगह गड्ढे पड़ गए हैं। कई जगह तो इतने बड़े-बड़े गड्ढे हैं कि वाहनों के कलपुर्जों तक नुकसान पहुंचने लगा है। गाड़ी को गड्ढों से बचाते वक्त अक्सर हादसे होने का भी डर सता रहा है लेकिन संबंधित विभाग इस दिशा में कोई कार्रवाई अमल में नहीं ला रहा है।
नाहन शहर में बनी सड़कों की हालत खस्ता हो गई है। चाहे वह नगर परिषद के अधीन हो या फिर लोनिवि के। किसी भी सड़क को चकाचक नहीं किया जा रहा है। रही सही कसर पेयजल लाइनों की खुदाई ने पूरी कर ली है। पानी की लाइनें बंद होने पर जगह-जगह खुदाई करने के बाद हालात जस के तस ही बने रहते हैं जिससे सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे पड़ गए हैं।
नाहन-पांवटा नेशनल हाईवे पर गोबिंदगढ़ मोहल्ले में कुछ महीने पहले केबल लाइन बिछाने के लिए खुदाई की थी। मोहल्ले के कुछ हिस्से में इंटर लॉक टाइलें लगाई गई हैं। खुदाई के बाद नाली भरी गई और उस पर टाइलें भी बिछाई गई लेकिन कच्ची मिट्टी पर टाइलें बिछाने के बाद मिट्टी बैठ गई जिससे टाइलों वाली इस सड़क का एक किनारा नाली के रूप में परिवर्तित हो गया है। बस स्टैंड से गुन्नूघाट होते हुए मालरोड तक बनी सड़क की हालत भी किसी से छुपी नहीं है। यहां पर एसपी आवास के समीप की सड़क पर भी बड़े-बड़े गड्ढे पड़े हुए हैं जो कई दिनों से जस के तस पड़े हुए हैं।
बॉक्स के लिए--
क्या कहते हैं अधिकारी
1. कार्यकारी अधिकारी सूरत सिंह नेगी ने कहा है कि कई सड़कों पर आईपीएच की खुदाई से नुकसान हुआ है। इस बारे में आईपीएच विभाग से पत्राचार किया गया है। जल्द ही सड़कों की मरम्मत की जाएगी।
2. लोनिवि के अधिशासी अभियंता अनिल भारद्वाज ने कहा है गुन्नुघाट-कच्चा टैंक पर कई जगह पेयजल पाइप की लीकेज है। उसके दुरुस्त होने पर ही उसका पैचवर्क किया जाएगा जिसके लिए आईपीएच विभाग को पत्राचार किया गया है।
--------------