अमर उजाला ब्यूरो
सराहां (सिरमौर)।
पिछले काफी लंबे समय से विवादों से घिरे सिक्कन-डिंगर किन्नर-भगायन घाट सड़क पर चल रहे कार्यों का लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता सिरमौर एनके विशिष्ट ने निरीक्षण किया। इस दौरान एसई ने एक-एक कर सभी कार्यों का जायजा लिया और जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए। नाबार्ड के तहत बनाई जा रही 10 किलोमीटर लंबी इस सड़क पर 4 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
इस सड़क में चल रहे निर्माण कार्य को लेकर कई बार क्षेत्र के लोगों ने अनियमितताओं को लेकर सवाल उठाए थे। इसको लेकर 29 नवंबर को क्षेत्र का एक प्रतिनिधिमंडल देशराज ठाकुर के नेतृत्व में अधीक्षण अभियंता से नाहन कार्यालय में जाकर मिला। इस पर संज्ञान लेते हुए 30 नवंबर को अधीक्षण अभियंता ने इस सड़क का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसई ने पाया कि कई जगह पक्की की गई सड़क टूट चुकी है।
जो डंगे लगाए गए हैं उन डंगों में से कुछ डंगों की स्थिति भी नाजुक बनी हुई है। अधीक्षण अभियंता ने विभाग के अधीनस्थ अधिकारियों के साथ-साथ ठेकेदार को सख्त निर्देश दिए कि खस्ताहाल में पड़े डंगों की दशा को जल्द सुधारा जाए।
जहां-जहां सड़क टूटी है उस सड़क को दोबारा से ठीक कराया जाए। क्षेत्रवासी देशराज ठाकुर, भूप सिंह, प्रेमपाल, चमन सिंह, धर्मपाल, सुरेंद्र सिंह, कुशल सिंह, रणवीर सिंह जसवंत सिंह व डिंगर किन्नर पंचायत के पूर्व उपप्रधान हुनर सिंह ने बताया कि उन्होंने सहायक अभियंता कार्यालय सराहां में कई बार शिकायत की थी लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं की गई। अब जाकर अधीक्षण अभियंता ने मौके का मुआयना किया। ग्रामीणों ने मांग की कि यदि सड़क का सही निर्माण कार्य नहीं हुआ तो वह जनहित याचिका दायर करेंगे। इसके लिए विभाग जिम्मेदार होगा।
उधर, अधीक्षण अभियंता एनके विशिष्ट ने बताया कि मामले की जांच कर ली गई है। संबंधित ठेकेदार को लिखित में आदेश कर दिए गए हैं कि वह उस सड़क को दोबारा सही करें। उखड़ी सड़क को दुरुस्त कर दोबारा टारिंग करने के आदेश दिए गए हैं। साथ ही डंगों की हालत सुधारने के लिए भी सख्त निर्देश दिए गए हैं। यदि ठेकेदार सड़क निर्माण के दौरान अनियमितता बरतेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।