शिलाई (सिरमौर)।
शिलाई विधानसभा क्षेत्र में एक युवक मतदाता सूची में अपना नाम होने के बाद भी अपने मत का प्रयोग नहीं कर पाया। मतदान केंद्र पहुंचे इस युवक को प्रीजाइडिंग अधिकारी ने सिर्फ इसलिए लौटा दिया क्योंकि उसके मतदाता क्रमांक पर पहले से ही क्रास का चिन्ह लगा हुआ था। यानी की वोट डल चुका था।
किसने डाला यह पता नहीं। इस मसले को लेकर मतदान केंद्र पर कुछ देर माहौल भी गर्म बना रहा। मामला उच्चाधिकारियों तक भी पहुंचा लेकिन कोई नतीजा न निकलने पर युवक को बिना मत डाले ही लौटना पड़ा।
विज्ञापन
शिलाई निवासी राजेंद्र मतदान केंद्र नंबर-43 में गया। इस दौरान वहां तैनात अधिकारी ने उसे वोट डालने से रोक दिया। उनका कहना था कि उसके मतदाता क्रमांक पर वोट डाली जा चुकी है। राजेंद्र सिंह ने बताया कि उसने, उसके परिजनों व गांव के अन्य लोगों ने अधिकारी से चैलेंज वोट डालने की भी बात कही। प्रीजाइडिंग अधिकारी पूनम ने कहा कि मतदाता क्रमांक पर पहले से ही क्रॉस का चिन्ह लगा हुआ था।
इस कारण राजेंद्र को वोट नहीं डालने दिया गया। एसडीएम शिलाई योगिंद्र चौहान के संज्ञान में मामला लाया गया तो पता चला कि राजेंद्र की जगह कोई और ही वोट डाल कर चला गया।