संवाद न्यूज एजेंसी
कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के उद्योगों के कर्मचारियों, युवाओं और स्थानीय लोगों सहित 60 लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया। इस दौरान 60 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया, जिसका उपयोग जरूरतमंद मरीजों के उपचार के लिए किया जाएगा।
मेडिकल कॉलेज नाहन की ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. निशि जायसवाल ने कहा कि रक्तदान महादान है और इससे किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाया जा सकता है। उन्होंने रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ऐसे शिविरों का नियमित आयोजन जरूरी है।
उन्होंने बताया कि अस्पतालों में दुर्घटना पीड़ितों, गर्भवती महिलाओं, कैंसर और थैलीसीमिया जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के उपचार तथा ऑपरेशन के दौरान रक्त की आवश्यकता पड़ती रहती है। ऐसे में पर्याप्त मात्रा में रक्त उपलब्ध होना बेहद जरूरी है। इस अवसर पर स्वास्थ्य शिक्षिका कोमल चौहान भी मौजूद रहीं।