अमर उजाला ब्यूरो
नौहराधार (सिरमौर)। डीएवी पब्लिक स्कूल नौहराधार में बुधवार को स्कूल का स्थापना दिवस मनाया गया। इस दौरान रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया। कार्यक्रम में वर्मा ज्वेलर्स के मालिक नरेश चंद वर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू हुए, जिसका आगाज बच्चों ने गुरु वंदना से किया। उसके बाद नन्हें छात्रों ने गलती से मिस्टेक हो गई.., गीत पर जमकर नृत्य किया। दसवीं की छात्राओं ने डांडिया नृत्य पेश कर रंग जमाया। छोटे बच्चों ने सही पकड़े हैं.., पहाड़ी गीत पर रंग जमाया। अंत में छात्रों ने पंजाबी डांस पेश कर तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि ने शिक्षा एवं खेलकूद स्पर्धा में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया। इसमें खेल क्षेत्र से कबड्डी खिलाड़ी शिवांग ठाकुर, वॉलीबाल खिलाड़ी यशस्वी चौहान, आठवीं कक्षा से राजपूत, प्रियांशु ठाकुर, नौवीं कक्षा से वसुंधरा, आस्था ठाकुर सहित शिक्षा बोर्ड परीक्षा में प्रथम और द्वितीय स्थान पर रही निकिता चौहान और सौरभ को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा नर्सरी से सातवीं कक्षा तक अव्वल रहे विद्यार्थी भी पुरस्कृत किए गए। कार्यक्रम में नौहराधार स्कूल के प्रधानाचार्य योगराज ठाकुर, डीएवी स्कूल के प्रधानाचार्य सुरेंद्र ठाकुर, प्रवक्ता सुरेंद्र पुंडीर, तुलसीराम ठाकुर, नरेंद्र चौहान, रघुवीर सिंह, दिनेश चौहान, अशोक ठाकुर, हेतराम भारद्वाज, दलीप सिंह, विमल चौहान, परीक्षा चौहान और बच्चों के सभी अभिभावकों ने भाग लिया।