57 भू-मालिकों को 17 को मिलेगा मुआवजा
ददाहू (सिरमौर)। रेणुका बांध परियोजना के निर्माण को लेकर दो मौजों के 57 भू-मालिकों को 10.32 लाख रुपये की राशि का मुआवजा दिया जाएगा। यह राशि संबंधित भू-मालिकों को उनके वृक्षों के मुआवजे के तौर पर अदा की जाएगी। इसमें मौजा लाना मरग और लाना छपांग के 57 भू-मालिक शामिल हैं। इस मुआवजे का भुगतान 17 सितंबर को लाना भल्टा पंचायत घर में आयोजित एक शिविर में किया जाएगा। हालांकि, इस मौजे के विस्थापितों को उनकी भूमि के मुआवजे का भुगतान पहले ही किया जा चुका है। यह राशि भू-अर्जन अधिकारी शिमला हीरा लाल द्वारा प्रदान की जाएगी। रेणुका बांध परियोजना के वरिष्ठ प्रबंधक डॉ. नीरज सिंघल ने बताया कि यह राशि वृक्षों और फलदार वृक्षों के मुआवजे के तौर पर दी जाएगी। शेष राशि का भुगतान पहले ही किया जा चुका है।