नाहन (सिरमौर)।
शहर के लोकल रूट के यात्री अब सात सीटर इलेक्ट्रिक बस राइड विद प्राइड की सवारी कर पाएंगे। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने इसको हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस मौके पर बिंदल ने कहा कि हिमाचल पथ परिवहन निगम का यह वाहन पूर्णतया प्रदूषण मुक्त है। सरकार ने शिमला सहित प्रदेश के कई शहरों में इलेक्ट्रिक वाहन सेवा शुरू की है। उन्होंने कहा कि इस इलेक्ट्रिक वाहन सेवा के आरंभ होने से नाहन के लोगों को आवागमन में और सुविधा होगी।
डॉ. बिंदल ने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहन मेें सात सवारियों को बैठने की सुविधा है। यह वाहन बस स्टैंड से गुन्नुघाट, मेडिकल कॉलेज, दिल्ली गेट, जिला न्यायालय, दिल्ली गेट से होते हुए बनोग डिग्री कॉलेज और वापस बस स्टैंड पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि परिवहन निगम की ओर से इस वाहन का किराया 10 से 15 रुपये निर्धारित किया गया है। इस वाहन की बैटरी प्रतिदिन 80 किलोमीटर तक चलने की क्षमता है। इस मौके पर नाहन भाजपा मंडल अध्यक्ष दीनदयाल वर्मा, जिला परिषद सदस्य विनय गुप्ता, मनीष चौहान, नगर परिषद के उपाध्यक्ष अविनाश गुप्ता, पार्षद सरोज विक्रम, क्षेत्रीय प्रबंधक एचआरटीसी राशिद शेख व बस अड्डा प्रभारी रमेश धीमान समेत अलग-अलग विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बिंदल का नागरिक अभिनंदन
नगर परिषद ने विस अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल का नागरिक अभिनंदन किया। नगर परिषद अध्यक्ष अनिता शर्मा ने बिंदल को शॉल, टॉपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। पार्षदों ने भी डा. बिंदल को सम्मानित किया। इस नगर परिषद अध्यक्ष ने शहर की समस्याओं से भी उन्हें अवगत करवाया। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष दीन दयाल वर्मा, जिप सदस्य विनय गुप्ता, मनीष चौहान, उपाध्यक्ष नप अविनाश गुप्ता, पूर्व उपाध्यक्ष नप योगेश गुप्ता, पाषर्द सरोज विक्रम, रेखा तोमर, मधु अत्री, श्यामा कुमारी, कार्यकारी अधिकारी एसएस नेगी आदि उपस्थित रहे।