नाहन मेडिकल कॉलेज में पहला स्मार्ट कार्ड सेंटर शुरू
महज 395 रुपये में बनेगा कार्ड, निशुल्क मिलेगी इलाज की सुविधा
एक परिवार के सभी सदस्य ले सकते हैं स्मार्ट कार्ड का लाभ
अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)।
डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन में हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सल हेल्थ प्रोटेक्शन स्कीम के तहत स्मार्ट कार्ड बनाने का पहला सेंटर क्रियाशील हो गया। इस योजना के तहत सिरमौर जिला का कोई भी व्यक्ति अपने परिवार का स्मार्ट कार्ड बना सकता है। इसके लिए कोई भी आय सीमा नहीं है। मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. केके पराशर ने बताया कि योजना के तहत स्मार्ट कार्ड बनाने के लिए 395 रुपये की राशि देनी होगी। इसमें 365 बीमा शुल्क, 14 रुपये पंजीकरण शुल्क व 16 रुपये अन्य शुल्क शामिल हैं।
स्कीम के अंतर्गत एक परिवार के पांच सदस्यों का स्मार्ट कार्ड बनाया जाएगा। इसके लिए आधार कार्ड होना आवश्यक है। डॉ. केके पराशर ने बताया कि स्मार्ट कार्ड बनाने के समय परिवार के पांचों सदस्य आधार कार्ड के साथ उपलब्ध होने चाहिए। स्मार्ट कार्ड एक वर्ष के लिए मान्य होगा। इस अवसर पर डॉ. केके पराशर ने इंतजार अली कच्चा टैंक नाहन व अतर सिंह नौणी का बाग नाहन को इस योजना के अंतर्गत बनाए गए स्मार्ट कार्ड वितरित किए।
बाक्स--
निशुल्क मिलेगा इलाज
योजना के अंतर्गत परिवार के किसी भी आयु के सदस्य को चिन्हित अस्पताल में भर्ती होने पर 30 हजार रुपये तक के निशुल्क इलाज की सुविधा मिलेगी। जबकि गंभीर बीमारियों जैसे हृदय रोग संबंधी सर्जरी, पेशाब के रास्ते से संबंधित सर्जरी, न्यूरो सर्जरी, कैंसर संबंधी थैरेपी, किसी भी प्रकार की चोट, ट्रांसप्लांट सर्जरी, रीढ़ की हड्डी की सर्जरी, पेट रोग से संबंधी सर्जरी व कैंसर रोगी खून संबंधी बीमारियों के इलाज के लिए 1 लाख 75 हजार रुपये, जबकि परिवार के सभी कैंसर रोगियों के इलाज पर 2 लाख 25 हजार रुपये की सुविधा प्रदान की जाएगी। इस योजना के तहत आयुर्वेद पद्धति द्वारा इलाज की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
बॉक्स के लिए----
इन अस्पतालों में होगा उपचार
स्मार्ट कार्ड धारक परिवार का मरीज सदस्य डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन, सिविल अस्पताल राजगढ़, पांवटा साहिब, सराहां, ददाहू, सीएचसी शिलाई, संगड़ाह, नौहराधार, जिला आयुर्वेदिक अस्पताल नाहन व पूरन अस्पताल पांवटा साहिब में अपना इलाज करवा सकता हैं। जबकि गंभीर बीमारियों के लिए आईजीएमसी शिमला, आरपीएम टीसी टांडा, श्री बालाजी अस्पताल कांगड़ा, फोर्टिज अस्पताल कांगड़ा व पीजीआई चंडीगढ़ में इस स्कीम के तहत अपना इलाज करवा सकता है।
-----------हितेश शर्मा