अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)।
पांवटा बस स्टैंड के समीप बेतरतीब ढंग से ई-रिक्शा पार्किंग और रेहड़ियों को खड़ा करने से जाम की समस्या बढ़ने लगी है। पिछले कुछ दिनों से बस स्टैंड के समीप से सीवरेज लाइन खुदाई हो रही है जिसके चलते वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। परिणामस्वरूप बसों के आवागमन में भी समस्या हो रही है।
सिरमौर माइन संघ के प्रधान मीत सिंह ठाकुर, अश्वनी रॉय, हरीश कुमार, यशपाल राणा, मनिंद्र सिंह, निखिल कपिल, मनप्रीत सिंह व प्रदीप चौहान ने बताया कि पिछले एक वर्ष से सैकड़ों ई- रिक्शा पांवटा की सड़कों पर दौड़ रहे हैं। इनको बेतरतीब ढंग व मनमर्जी से पार्क कर दिया जाता है। सबसे ज्यादा दिक्कतें बस स्टैंड के प्रवेश व निकासी गेट के दोनों तरफ ई-रिक्शा और रेहड़ियों को खड़ा करने से हो रही हैं। इससे आम जनता के साथ आसपास के दुकानदारों को भी खूब दिक्कतें हो रही हैं।
पिछले कुछ दिनों से बस स्टैंड के भीतर बने शौचालयों को सीवरेज योजना से जोड़ने का खुदाई कार्य चल रहा है। विश्वकर्मा चौक से गीता भवन तक जाम लग रहे हैं। बस स्टैंड परिसर में बसों के आवागमन में भी परेशानी हो रही है। इसलिए लोगों ने प्रशासन व पुलिस विभाग से बेतरतीब ढंग से पार्क किए जा रहे ई-रिक्शा और रेहड़ियों को खड़े करने की जगह तय करने का आग्रह किया है जिससे आम जनता व यात्रियों की दिक्कतें कम हो सकें।
उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने कहा समस्या के समाधान को प्रयास होंगे। ई-रिक्शा व रेहड़ी फड़ी वालों को बस स्टैंड के प्रवेश व निकासी गेट के आसपास से दूर किया जाएगा।