आज के कार्यक्रम की खबर
मातृ-शिशु कल्याण केंद्र में 51 बच्चों का हुआ टीकाकरण
माताओं को पोषण और देखभाल के प्रति किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज के मातृ-शिशु कल्याण केंद्र में बुधवार को नियमित टीकाकरण सत्र का आयोजन किया गया। इस दौरान शून्य से डेढ़ वर्ष आयु वर्ग के 51 बच्चों को विभिन्न संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए आवश्यक टीके लगाए गए। साथ ही बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उनके शारीरिक विकास और पोषण संबंधी जानकारी अभिभावकों को दी गई।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने टीकाकरण सत्र के दौरान छह बच्चों को बीसीजी का टीका लगाया, जबकि 45 बच्चों को पेंटा, डीपीटी, रोटा सहित अन्य निर्धारित टीके लगाए गए। चिकित्सा कर्मियों ने प्रत्येक बच्चे के टीकाकरण रिकॉर्ड का सत्यापन कर निर्धारित समयानुसार टीके लगाए। सत्र के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अभिभावकों को नियमित टीकाकरण के महत्व के बारे में जागरूक किया।
माताओं को बच्चों के उचित पोषण, स्तनपान, स्वच्छता और समय पर टीकाकरण कराने के लिए विस्तार से जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बताया कि नियमित टीकाकरण से बच्चों को कई गंभीर और जानलेवा बीमारियों से बचाया जा सकता है तथा उनका शारीरिक और मानसिक विकास बेहतर तरीके से होता है।
मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. संगीत ढिल्लो ने बताया कि मातृ-शिशु कल्याण केंद्र में प्रत्येक माह के बुधवार को नियमित रूप से टीकाकरण सत्र आयोजित किया जाता है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे और सभी बच्चों को समय पर जीवनरक्षक टीके उपलब्ध हो सकें।-