आरोपी के मकान से बरामद की नशे की खेप
संवाद न्यूज एजेंसी
राजगढ़ (सिरमौर)। स्थानीय पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए तीन युवकों से 4.87 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पुलिस दल ने राजगढ़ में पुराने बस अड्डे के समीप स्थित अक्षित चौहान के घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वहां से 4.87 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। मामले में पुलिस ने तीन युवकों को आरोपी बनाया है। इनमें अक्षित चौहान निवासी निकट पुराना बस अड्डा राजगढ़, अजय कुमार निवासी निकट डीएवी स्कूल राजगढ़ और शुभम वर्मा निवासी खैरी रोड राजगढ़ शामिल हैं। पुलिस ने बरामद चिट्टे को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी यह नशीला पदार्थ कहां से लेकर आए थे और इसका नेटवर्क किन-किन लोगों से जुड़ा हुआ है। जिला पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी ने बताया कि क्षेत्र में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। जिले में नशा माफिया को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।