नाहन में 250 उपभोक्ताओं के पास फंसी है 45 लाख के करीब राशि
बोर्ड ने टीडीसीओ सूची में शामिल किए लंबे समय से बिल नहीं भरने वाले घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ता
मंगलवार को कनेक्शन काटने के बाद 1.30 लाख की हुई रिकवरी
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। विद्युत उपमंडल नाहन शहरी में लंबे समय से बिजली के बिलों का भुगतान न करने वाले उपभोक्ताओं पर बोर्ड ने कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। मंगलवार को 45 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए हैं। इस दौरान 1.30 लाख की रिकवरी भी की गई है।
जानकारी के अनुसार बोर्ड का शहर में 250 घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ताओं के पास ही करीब 45 लाख की राशि बिजली बिलों की फंसी हुई है। इसको लेकर बोर्ड की तरफ से बाकायदा अस्थायी कनेक्शन काटने को लेकर आदेश देते हुए सूची जारी की गई है। नोटिस के बाद अब बोर्ड की तरफ से अस्थायी कनेक्शन काटने को लेकर अभियान शुरू कर दिया गया है। बोर्ड की तरफ से प्रतिदिन अब कनेक्शन काटे जाएंगे। बोर्ड की टीमें शहर के अलग-अलग हिस्सों में कार्रवाई कर रहीं हैं।
.......बाक्स.......
एक बार कनेक्शन कटा दो वापस जोड़ने में लगेंगे 2 से 3 दिन
बोर्ड की मानें तो टीमें अस्थायी कनेक्शन काटने को लेकर काम कर रही हैं। यह कनेक्शन बिल राशि के साथ-साथ कनेक्शन जोड़ने आदि की फीस जमा होने के बाद ही लगाए जाएंगे। बोर्ड की मानें तो इस बार कनेक्शन यदि एक बार कट जाता है तो उसे पुन: जोड़ने में दो से तीन दिन का समय लगेगा। इसके पीछे बोर्ड का तर्क है कि फिल्ड स्टाफ की कमी है। ऐसे में जो टीम एक बार कनेक्शन काट कर निकल गई वह अन्य क्षेत्रों में कार्रवाई के बाद लौटेगी। ऐसे में बोर्ड ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि अपने बिलों का भुगतान जल्द करें।
-शहर में बिजली के बिलों का लंबे समय से भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई है। 45 लाख के करीब राशि का भुगतान नहीं किया गया है। मंगलवार को 45 कनेक्शन काटे गए हैं। स्टाफ की कमी के चलते यदि एक बार कनेक्शन कट जाएगा तो भुगतान होने पर उसे वापिस लगाने में 2 से 3 दिन का समय लग सकता है।
-संतोष कुमार, सहायक अभियंता, विद्युत उपमंडल नाहन शहरी
संवाद