अमर उजाला ब्यूरो
ददाहू (सिरमौर)। सरकार ने सिविल अस्पताल ददाहू में एक साथ तीन चिकित्सकों की नियुक्ति की है। लेकिन हैरत है कि इनमें से एक भी चिकित्सक ने अपना पदभार ग्रहण नहीं किया है। 13 दिन पूर्व ही प्रदेश भर में करीब दो सौ चिकित्सकों के पदों को भरा गया था। इनमें से सिरमौर जिले में 22 और सिविल अस्पताल ददाहू में तीन चिकित्सकों की नियुक्तियां की गईं। लेकिन दस दिन बीत जाने के बाद भी एक भी चिकित्सक ने यहां पदभार ग्रहण नहीं किया है। इसके चलते ददाहू अस्पताल में चिकित्सकों की कमी आज भी क्षेत्र की जनता पर भारी पड़ रही है। ददाहू अस्पताल में चिकित्सकों के छह पद रिक्त पड़े हुए हैं। मात्र दो चिकित्सक ही यहां अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इससे रोगियों को घंटों लाइन में खड़े रहने के लिए विवश होना पड़ रहा है। जानकारी अनुसार ये चिकित्सक किसी और स्थान पर अपनी सेवाएं देने के जुगाड़ में लगे हैं। चिकित्सकों के अभाव में रोगियों को निजी क्लीनिकों का सहारा लेना पड़ रहा है। यहां पिछले लंबे अरसे से चिकित्सकों की मांग की जा रही है। दुर्घटना संभावित क्षेत्र होने के कारण यहां चिकित्सक अपनी सेवाएं देने को तैयार नहीं है। इससे प्रदेश सरकार की तमाम योजनाओं का लाभ भी यहां के लोगों को नहीं मिल रहा है। विशेषकर महिला रोगियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सीएमओ डॉ. केके पराशर ने बताया कि पूरे जिले में चिकित्सकों की कमी चल रही है। नवनियुक्त चिकित्सकों में से कुछेक ने ही अपना पदभार ग्रहण किया है। इस माह के अंत तक चिकित्सकों के पदभार ग्रहण करने की उम्मीद है।