ददाहू (सिरमौर)। अंतरराष्ट्रीय रेणुका मेले की दूसरी सांस्कृतिक संध्या सिरमौर के उभरते हुए लोक कलाकारों के नाम रही। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों को सिरमौर की सांस्कृतिक से रूबरू करवाने का प्रयास किया। इस संध्या में दो दर्जन से अधिक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति देकर लोगों का मनोरंजन किया।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। लोकगीतों पर वह भी झूमने पर विवश हो गए। सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत आरवीएन स्कूल ददाहू के विद्यार्थियों ने पंजाबी लोक नृत्य से की। विद्यार्थियों ने परे हो जा सोनिए साडी रेल गड्डी आई.. पर जमकर धमाल मचाया।
जितेंद्र ने चार दिनों दी लंबी जुदाई.. गीत पेश कर खूब रंग जमाया। बाल कलाकार सिमरन भारती और मयंक भारती ने युगल गीत दमा दम मस्त कलंदर.. पेश किया। बाल कलाकार प्रीति व अक्षरा ने फिल्मी गीत पर नृत्य पेश किया। इसके अलावा सुभाष चौहान, गोपाल सिंह, कल्याण सिंह, सुरजन ठाकुर, दीपक चौहान, सुनील, मोहिल, नरेश कुमार, रामलाल व आशुतोष ने पहाड़ी गीत पर लोकनृत्य पेश किया। दिनेश हारटा ने झीलों रे किनारे मैया मंदिर तेरा.. की प्रस्तुति दी। प्रोफेसर रवि शर्मा ने मारे जाने रा बसेरा धारो पांडे रा डेरा.. पर लोक नृत्य पेश किया। सुखदेव तोमर ने तेरा मेरा प्यार अडिये बचपनो रा.., जय देवा माशुआ.. पर जमकर धमाल मचाया। सोनिया कपिला ने आज होना दीदार माही दा.., मेरा पिया घर आया हो राम जी.. पहाड़ी व फिल्मी नगमे सुनाए। राजेश मलिक ने बुरा आया जमाना, ठंडे पानी दा नाला.., पहाड़ी लोकगीत पर लोगों को झूमने पर विवश कर दिया। इस मौके पर एसडीएम संगड़ाह राजेश धीमान, एसडीएम नाहन विवेक शर्मा, तहसीलदार ददाहू देवी सिंह कौशल, सीईओ दीपराम शर्मा, भाजपा नेता बलबीर सिंह, मंडी समिति सिरमौर के अध्यक्ष रामेश्वर शर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रताप तोमर, महासचिव राजेंद्र ठाकुर, खजान सिंह मौजूद रहे।