अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। पांवटा साहिब-गुम्मा नेशनल हाई-वे जल्द डबल लेन होगा। इसके लिए 700 करोड़ रुपये की डीपीआर तैयार हो चुकी है। 97 किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण कार्य विश्व बैंक की मदद से किया जाना प्रस्तावित है। इस नेशनल हाईवे का नया नाम एनएच 707 होगा। अभी तक इस मार्ग को राष्ट्रीय उच्च मार्ग-72 के नाम से जाना जाता था।
इसको लेकर सोमवार को अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय उच्च मार्ग वीके अग्रवाल ने जिला प्रशासन के साथ बैठक की। पांवटा साहिब-गुम्मा सड़क को डबल लेन करने के मसले पर आयोजित बैठक में वीडियो प्रस्तुतिकरण के माध्यम से जानकारी दी गई। सहायक आयुक्त शिवम प्रताप सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में वीके अग्रवाल ने कहा कि विश्व बैंक की सहायता से पांवटा-गुम्मा सड़क वाया सतौन, कफोटा और शिलाई को डबल लेन करने के लिए डीपीआर तैयार की गई है। इसको लेकर क्षेत्र के लोगों से आपत्ति और सुझाव भी मांगे गए हैं। इस सड़क को अब राष्ट्रीय उच्च मार्ग-707 का नाम दिया जाएगा। इस अवसर पर अधिशासी अभियंता लोक निर्माण डीके नाग, सहायक अभियंता एनएच संजय अग्रवाल, प्रमोद जैन डीपीआर परामर्शदाता, चैंबर ऑफ कॉमर्स पांवटा साहिब के अध्यक्ष सतीश गोयल सहित सरकारी और गैर सरकारी सदस्य उपस्थित रहे।
हजारों लोगों को मिलेगी बेहतर सड़क सुविधा
सड़क के चौड़ा होने से क्षेेत्र के हजारों लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी। इस महत्वाकांक्षी सड़क परियोजना के तहत सड़क किनारे आने वाले स्कूलों के मैदान विकसित करने के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में शौचालय, सामुदायिक भवन आदि गतिविधियों को भी क्रियान्वित किया जाएगा। अधिशासी अभियंता एनएच वीके अग्रवाल ने कहा कि एनएच पांवटा साहिब-गुम्मा धार्मिक एवं सामरिक दृष्टि से भी काफी महत्वपूर्ण है। इसका निर्माण विश्व बैंक की सहायता से किया जाना प्रस्तावित है। इस सड़क के निर्माण में वन भूमि भी शामिल है, जिसकी स्वीकृति करने के लिए मामला वन मंत्रालय भारत सरकार के साथ उठाया जाएगा। उन्होंने वन विभाग से आग्रह किया कि वन भूमि संबंधी मामलों को समयबद्ध एवं शीघ्र निपटाने के लिए प्रयास जाएं।