मोदी सरकार हर मुद्दे पर विफल : मुसाफिर
कहा-रुपये ने दर्ज की ऐतिहासिक गिरावट
एससी सेल की बैठक में केंद्र पर बोला हमला
अमर उजाला ब्यूरो
सराहां (सिरमौर)। एससी सेल कांग्रेस पच्छाद की बैठक सराहां में आयोजित हुई। अध्यक्षता सेल के अध्यक्ष रमेश चंद ने की। बैठक में सभी जोन के अध्यक्ष मौजूद रहे। पूर्व विधायक गंगू राम मुसाफिर ने विशेष रूप से अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश की सरकारें हर मुद्दे पर विफल रही हैं। उन्होंने कहा कि 2014 में जब मोदी सरकार बहुमत में केंद्र में आई थी, उस दौरान लोगों को उनसे बहुत से अपेक्षाएं थीं। वह देशहित में कुछ करके दिखाएगी लेकिन साढ़े चार सालों में वह कुछ नहीं कर पाई। देश की जनता आज बुरी तरह से बेहाल है। महंगाई आसमान पर है। रुपये की गिरावट ने ऐतिहासिक रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। मोदी सरकार ने दो करोड़ लोगों को हर साल रोजगार देने का वायदा किया था लेकिन वह वायदा एक जुमला साबित होकर रह गया है। अब सरकार लोगों को पकौड़े तलने की सलाह दे रही है। उन्होंने कहा कि लोगों के खातों में न तो 15 लाख पहुंचे और न ही कुछ सुधार हो पाया। उन्होंने कहा कि उल्टा मोदी राज में महिलाओं और दलितों पर अत्याचार बढ़ गए हैं। देश में सांप्रदायिक माहौल खड़ा कर दिया गया है। एससी सेल के अध्यक्ष रमेश चंद ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की विफलताओं को घर-घर तक पहुंचाया जाएगा। बैठक में पंचायत समिति की अध्यक्ष उषा तोमर, मोहन लाल, प्रेम सिंह, हरिदास, सूरत राम रवाल, रतन कश्यप, कश्मीरी लाल, हरिदत्त, गीता सिंह, कृष्ण सिंह, प्रेमदत्त, रूप सिंह और सुंदरलाल समेत सैकड़ों लोग मौजूद थे।