जकार्ता में हिमाचली बेटियों का डंका
कबड्डी में लगातार पांच टेकल प्वाइंट लेकर रचा इतिहास
कविता और प्रियंका नेगी का भी दमदार खेल
संजय भारद्वाज
नाहन (सिरमौर)। एशियन गेम्स में हिमाचली बेटियों ने अपनी खेल प्रतिभा का खूब जलवा बिखेरा। इंडियन महिला कबड्डी टीम में हिमाचल प्रदेश की तीन खिलाड़ियों कविता, प्रियंका और रितु नेगी ने अपनी खेल प्रतिभा के दम पर सबको रोमांचित कर दिया। शिलाई इलाके में टीवी से चिपके लोगों ने जब रितु और प्रियंका को प्वाइंट लेते हुए देखा तो उत्साहित होकर लोग झूम उठे। रितु नेगी के हाईफाई ने खेल में और रोमांच भर दिया। जापान और थाईलैंड की टीम को हराने के बाद भारतीय टीम ने मंगलवार सुबह श्रीलंका की टीम को एकतरफा मुकाबले में शिकस्त देते हुए जीत की हैट्रिक मनाई। जबकि, चौथे मैच में टीम इंडिया ने इंडोनेशिया को धूल चटा दी। श्रीलंका को 38 के मुकाबले 12 अंकों से परास्त दिया। जबकि, इंडोनेशिया को 54-22 अंकों के अंतर से परास्त किया। कबड्डी के जानकारों के अनुसार मंगलवार को हिमाचल की खिलाड़ियों ने शानदार खेल का परिचय दिया है। रितु नेगी ने इंडोनेशिया के साथ हुए मैच में पांच टेकल प्वाइंट हासिल कर हाईफाई क्रॉस किया। जबकि, मधु और प्रियंका ने शानदार तालमेल के साथ श्रीलंकाई रेडरों की घेराबंदी कर डाली। गौरतलब है कि टीम इंडिया में हिमाचल प्रदेश से तीन लड़कियों का चयन हुआ है। इनमें दो खिलाड़ी सिरमौर जिले के शिलाई क्षेत्र की हैं, जबकि एक कुल्लू जिले की। मंगलवार को तीनों खिलाड़ियों ने शानदार खेल का परिचय दिया। रितु नेगी के पिता भवान सिंह नेगी ने बताया कि उन्होंने दोनों मैच स्वयं देखे। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी रितु नेगी ने पांच टेकल प्वाइंट लेकर हाईफाई क्रॉस किया है। इससे वह उत्साहित हैं। उन्हें अपनी बेटी पर नाज है। प्रियंका नेगी के पिता कंवर सिंह नेगी ने कहा कि प्रियंका देश की बेटी है। उसने जन्म भले ही उनके घर लिया है, लेकिन आज देश का नाम ऊंचा कर रही हैं।