अमर उजाला ब्यूरो
राजपुर (सिरमौर)। शिवपुर-काहनूवाला गांव में पानी का घोर संकट गहरा गया है। करीब 20 दिनों से गांव के करीब डेढ़ दर्जन घरों में पानी नहीं आ रहा। लोग टैंकर खरीदकर पानी का इंतजाम करने को विवश हो गए हैं। पेयजल नहीं मिलने से गुस्साए ग्रामीणों ने शुक्रवार को आईपीएच के दफ्तर का घेराव किया। पहले ग्रामीण और महिलाएं आईपीएच के पंप हाउस पहुंची और कुंडी लगाकर दरवाजा बंद कर दिया। इसके बाद भी गुस्सा शांत नहीं हुआ तो पांवटा पहुंचकर अधिशासी अभियंता के कार्यालय के बाहर नारेबाजी की।
जानकारी के अनुसार शिवपुर-फूलपुर पंचायत के मध्य काहनूवाला गांव के करीब डेढ़ दर्जन घरों में पानी नहीं आ रहा है। महिला प्रोमीला, परमजीत, सीता, स्वर्ण, बबीता, दलजीत, राजरानी, जसवंत, पिंकी, कमलेश, रोशन, संजीव, गुलशेर, सुरजीत, वेद प्रकाश, नरेश, गुलाब सिंह आदि ने बताया कि काहनूवाला और शिवपुर के करीब डेढ़ दर्जन घरों में पानी की एक बूंद नहीं आ रही। जबकि गांव में ही कइयों की टंकियां ओवर फ्लो हो रही है। पिछले सप्ताह महिलाओं ने इसकी शिकायत आईपीएच के शिकायत रजिस्टर पर दर्ज की थी। विभागीय अधिकारी को भी इस बारे अवगत करवाया गया था लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। लिहाजा, उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।
महिलाओं ने कहा कि ग्रामीणों को पानी नहीं मिल रहा जबकि रसूखदारों के घरों की टंकियां ओवरफलो हो रही है। महिलाओं ने अधिशासी अभियंता के कार्यालय के बाहर जमकर नारेबाजी की। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द गांव में नियमित रूप से पानी नहीं आया तो वह सड़कों पर उतर जाएंगे।
उधर, विभाग के अधिशासी अभियंता एके धीमान ने कहा कि शिवपुर योजना में पानी के कनेक्शन बढ़ गए हैं। इस वजह से कई जगह पर पर्याप्त पानी नहीं आ रहा। एसडीओ और जेई को साथ लेकर वह गांव का दौरा करेंगे और समस्या के समाधान के प्रयास किए जाएंगे।
-------