अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। बिजली बोर्ड पेंशनर्स वेलफेयर समिति की नाहन इकाई ने शहरवासियों से अपने घरों का कूड़ा यहां-वहां फेंकने की बजाए नगर परिषद द्वारा लगाए गए कूड़ेदानों व गाड़ी में ही डालने की अपील की है ताकि शहर स्वच्छ व सुंदर बना रहे।
समिति की नाहन इकाई की एक बैठक शनिवार को नाहन में हुई जिसकी अध्यक्षता समिति के प्रधान याकूब बेग ने की। बैठक में समिति के सदस्यों ने शहर में बढ़ रही आवारा पशुओं व बंदरों की तादाद पर चिंता प्रकट की। याकूब बेग ने कहा कि बंदरों के कारण लोग दुखी हो चुके हैं। महिलाओं व बच्चों का अकेले में छत या गली में आना जाना मुश्किल हो गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में बंदर व आवारा पशु किसानों की खेती को बर्बाद कर रहे हैं। किसान आर्थिक मंदी झेल रहे हैं। वह खेती से विमुख हो गए हैं। ऐसे में प्रदेश सरकार व जिला प्रशासन को चाहिए कि वह इस संदर्भ में उचित कदम उठाए ताकि लोगों को राहत मिल सके।
बैठक में उपस्थित याकूब बेग, शमशेर सिंह ठाकुर, बुंदु खान, मोहन लाल, गुरचरण सिंह, बाबूराम, शही मोहम्मद, गौरी दत्त, रूलदु राम, एबी लाल, अशोक विक्रम, रमेश कुमार, मोहम्मद नासिर, मनीराम, रूप सिंह, विशाली मनी ने शहर में बिगड़ती सफाई व्यवस्था पर भी चर्चा की। समिति के सदस्यों ने इस बात को लेकर नाराजगी जाहिर की कि शहर के लोग ही शहर को साफ रखने में नाकाम हो रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वह अपने घरों का कूड़ा कचरा सड़कों या गली में न फेंके।
उन्होंने कहा कि नगर परिषद ने शहर में जगह-जगह कूड़ेदान स्थापित किए हैं। सुबह शाम कूड़ा एकत्रित करने वाली गाड़ी भी चक्कर मार रही है। ऐसे में लोगों को चाहिए कि वह अपना कूड़ा कूड़ेदानों व नगर परिषद की चलाई हुई गाड़ी में ही डालें ताकि शहर स्वच्छ व सुंदर बना रहे।