नाहन (सिरमौर)।
ऑल इंडिया हैंडीकेप सर्विस सोसायटी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक रविवार, 6 मई को ऊना जिला में होगी जिसमें दिव्यांगों की मांगों व समस्याओं को पूरा करवाने के लिए व्यापक रणनीति तैयार की जाएगी। इस महत्वपूर्ण बैठक में सोसायटी की सभी राज्यों के पदाधिकारी शिरकत करेंगे। ऊना इकाई की प्रधान सरोज रानी ने इस बैठक की पूर्ण व्यवस्था अपने हाथ में रखी हुई है।
राज्य महासचिव सुरेंद्र कुमार ने बताया कि इस बैठक में सोसायटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल दास बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। जबकि कार्यकारिणी प्रभारी धमेंद्र यादव, राष्ट्रीय महासचिव नेत्र सिंह चौधरी वशिष्ठ अतिथि के रूप में शामिल रहेंगे। जबकि जम्मू-कश्मीर इकाई की अध्यक्षा प्रसन्नो देवी, वित्त सचिव बीना देवी, हरियाणा इकाई के अध्यक्ष जय पाल वर्मा, पंजाब इकाई के वित्त सचिव भूपेंद्र सिंह, हिप्र इकाई के प्रभारी सुरेंद्र ठाकुर, अध्यक्ष तरसेम लाल सहित विभिन्न जिलों के दिव्यांग शिरकत करेंगे।
सुरेंद्र कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय फर्टिलाइजर लिमिटेड के पीआरओ गौरव दिवाकर भी बैठक में शामिल होंगे। इस बैठक में सभी राज्यों के इकाई पदाधिकारियों को उपस्थिति दर्ज करवाने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। सुरेंद्र कुमार ने प्रदेश इकाई के सभी पदाधिकारियों से अपील की कि इस महत्वपूर्ण बैठक में अपनी उपस्थिति अवश्य दर्ज करवाएं।