अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। जनवादी महिला समिति ने नौहराधार चिकित्सालय में तैनात डॉक्टर पर मरीज की जान के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है। इस संदर्भ में समिति के सदस्यों ने एक लिखित शिकायत सीएमओ को सौंप कर उचित कार्रवाई की मांग की है। समिति की राज्य अध्यक्ष संतोष कपूर, सचिव अमिता चौहान व पीड़ित की परिजन रेणु चौहान ने शिकायत में कहा कि मंगलवार की सुबह 85 वर्षीय मीना राम को सांस लेने में तकलीफ होने के कारण नौहराधार अस्पताल लाया गया। इस दौरान भी उन्हें आक्सीजन भी लगी हुई थी।
मौके पर डॉक्टर ने उनको नाहन अस्पताल के लिए रेफर कर दिया जिस पर जब परिजनों ने 108 भेजने को कहा तो डॉक्टर ने इंकार कर दिया। वहां तैनात डॉक्टर ने कहा कि वह 15 किमी के दायरे तक ही 108 सेवा को भेज सकते हैं। इससे अधिक नहीं। डॉक्टर ने उन्हें निजी वाहन में नाहन ले जाने की सलाह दी।
उन्होंने सीएमओ को बताया कि पीड़ित को सांस की बीमारी थी। अस्पताल ले जाते समय भी उसे आक्सीजन लगी थी। ऐसे में यदि उसे 108 की सुविधा मिलती तो आसानी से नाहन लाया जा सकता था। जबकि सांस की बीमारी से पीड़ित मरीज को निजी वाहन में बिना आक्सीजन के ले जाने की सलाह देना उसकी जिंदगी से सरासर खिलवाड़ है। ऐसे में कोई अनहोनी घटना भी घट सकती थी।
जनवादी महिला समिति तथा पीड़ित मरीज की परिजन रेणु चौहान ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय शर्मा से मामले में उचित कार्रवाई करने की मांग की है ताकि भविष्य में किसी मरीज की जिंदगी के साथ खिलवाड़ न हो सके।
---बाक्स
शिकायत क्यों की गई समझ नहीं आता
आज सुबह 7.30 बजे मीना राम को 108 के माध्यम से अस्पताल लाया गया था। जांच के बाद उन्हें पूरा ट्रीटमेंट दिया गया। 9.30 बजे फिर जांच की गई। उनके स्वस्थ होने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इस दौरान उन्हें एक्सरे करवाने की सलाह जरूर दी गई। ऐसे में शिकायत क्यों की गई यह समझ से बाहर है।
-डॉ. असीम कौशिक, नौहराधार अस्पताल प्रभारी।
--बाक्स
108 सेवा वालों से मांगे जवाब
उधर, सीएमओ डॉ. संजय शर्मा ने बताया कि 108 सोलन से संचालित होती है। मरीज खुद 108 के लिए कॉल करता है। ऐसे में 108 सेवा क्यों नहीं मिल पाई। इसके लिए 108 वालों से लिखित जवाब लिया जाएगा।
----