ददाहू (सिरमौर)।
सिविल अस्पताल ददाहू को शीघ्र ही डिजीटल एक्सरे की सुविधा से लैस किया जाएगा। इससे रोगियों को आधुनिक तकनीक और गुणवत्तापूर्ण एक्सरे का लाभ मिल सके। यह जानकारी सीएमओ डॉ. संजय शर्मा ने वीरवार को सिविल अस्पताल ददाहू का निरीक्षण करने के उपरांत पत्रकारों को दी।
उन्होंने कहा कि ददाहू अस्पताल के नए भवन के धरातल में बने पार्किंग स्थल को इमरजेंसी वार्ड में बदला जाएगा। यहां एक साथ 10 बेड स्थापित किए जाएंगे। ताकि आपातकालीन स्थिति में रोगियों को इमरजेंसी की सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि ददाहू अस्पताल के पानी भंडारण टैंक की क्षमता को बढ़ा कर 1 लाख लीटर किया जाएगा। इससे रोगियों को 24 घंटे पर्याप्त पानी की आपूर्ति की जा सकेगी। डा. संजय शर्मा ने कहा कि सिविल अस्पताल दराहू में रिक्त पड़े चिकित्सकों के 6 पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरा जाएगा। इसको लेकर सरकार और विभाग से बराबर संपर्क साधा जा रहा है। उन्होंने अस्पताल के नए भवन में लिफ्ट की उपयोगिता को ध्यान में रखते हुए शीघ्र ही जनरेटर स्थापित करने के आदेश दिए। इससे बिजली जाने के दौरान किसी मुश्किल का सामना न करना पड़े।
इस बारे में सीएमओ ने कहा कि ददाहू अस्पताल की खामियों को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। इस मौके पर अस्पताल के प्रभारी डॉ. अमित गोयल, डॉ. मनीषा कश्यप सहित आरकेएस से के सदस्य भी मौजूद रहे।